स्पोर्ट्स

भारतीय टीम के लिए कबड्डी मैच खेला पाकिस्तानी खिलाड़ी, जीत के बाद लपेटा तिरंगा, लगा प्रतिबंध

एक विदेशी टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए खेलने और जीत के बाद तिरंगा लहराने वाले पाकिस्तान के कबड्डी खिलाड़ी पर अनिश्चित काल के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। जानिए कौन है वो खिलाड़ी और क्या है पूरा मामला?

Image

उबैदुल्लाह राजपूत (फोटो क्रेडिट X)

कराची: पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी उबैदुल्लाह राजपूत पर इस महीने की शुरुआत में एक निजी टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने पर राष्ट्रीय महासंघ ने अनिश्चितकाल प्रतिबंध लगा दिया है। पाकिस्तान कबड्डी महासंघ (पीकेएफ) ने शनिवार को आपातकालीन बैठक के बाद राजपूत पर प्रतिबंध लगाया। उन्हें महासंघ या अन्य संबंधित अधिकारियों से अनिवार्य अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिए बिना टूर्नामेंट में खेलने के लिए विदेश यात्रा करने का दोषी पाया गया।

पीकेएफ के सचिव राणा सरवर ने कहा कि राजपूत को अनुशासनात्मक समिति के समक्ष अपील करने का अधिकार है। सरवर ने कहा कि महासंघ ने इस तथ्य पर गंभीरता से ध्यान दिया कि राजपूत न केवल बिना एनओसी के विदेश यात्रा पर गए, बल्कि उन्होंने भारत की एक टीम का प्रतिनिधित्व किया, उसकी जर्सी पहनी और एक अवसर पर मैच जीतने के बाद भारतीय ध्वज को अपने कंधों पर लपेटा। सरवर ने कहा,'लेकिन उन्होंने (राजपूत ने) दावा किया है कि यह पूरी तरह से गलतफहमी थी और उन्हें यह नहीं बताया गया था कि इस निजी टूर्नामेंट में वह जिस टीम के लिए खेलेंगे वह भारतीय टीम होगी। लेकिन फिर भी वह एनओसी नियमों का उल्लंघन करने के दोषी हैं।'

जीसीसी कप के दौरान भारतीय जर्सी पहने और भारतीय ध्वज लहराते हुए राजपूत के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी जिसके बाद वह मुश्किल में फंस गए। सरवर ने कहा कि अन्य खिलाड़ियों पर भी एनओसी लिए बिना इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिबंध और जुर्माना लगाया गया है। राजपूत ने इससे पहले माफी मांगते हुए कहा था कि उन्हें बहरीन में खेली गई प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था और वह एक निजी टीम का हिस्सा थे।

उन्होंने कहा,'लेकिन मुझे बाद में पता चला कि उन्होंने टीम का नाम ‘भारतीय टीम’ रखा था। मैंने आयोजकों से कहा कि वे भारत और पाकिस्तान के नाम का इस्तेमाल न करें। अतीत में निजी प्रतियोगिताओं में भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी एक साथ निजी टीम के लिए खेले हैं, लेकिन उन टीमों के नाम भारत या पाकिस्तान की टीम नहीं था। मुझे गलत जानकारी दी गई थी।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article