पाकिस्तान में खेल को लेकर क्या हालाता हैं और वहां अपने खिलाड़ियों को कितनी तरजीह दी जाती है। इसका जीता-जागता उदाहरण सामने आया है। हालत ये है कि वहां हॉकी कोच को देने के लिए पैसे तक नहीं हैं। ऐसे में पाकिस्तान हॉकी का भविष्य कितना सुरक्षित है पता नहीं। पाकिस्तान हॉकी से जुड़ी एक खबर सामने आ रही है जिसने सोचने पर मजबूर कर दिया है। दरअसल पाकिस्तान के हॉकी कोच सिगफ्रीड एकमैन ने पिछले 12 महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है।
एकमैन ने पिछले साल पाकिस्तान की हॉकी टीम का कोच पद संभाला था। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मुख्य कोच पद छोड़ने की घोषणा की।
नीदरलैंड के रहने वाले एकमैन पिछले साल के आखिर में वेतन विवाद के कारण स्वदेश लौट गए थे लेकिन उन्होंने बकाया वेतन नहीं मिलने के कारण पद नहीं छोड़ा था। कोई समाधान नहीं होने के कारण उन्होंने आखिर में इस्तीफा दे दिया।
एकमैन ने जिस समय पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) को अपना इस्तीफा भेजा, उसी समय नीदरलैंड के रहने वाले अन्य कोच रोलेंट ओल्टमैंस पाकिस्तान पहुंचे। वह रविवार को राष्ट्रीय जूनियर टीम के साथ मस्कट के लिए रवाना होंगे जहां पाकिस्तान की टीम एशिया जूनियर कप में भाग लेगी। हालांकि सिगफ्रीड के बकाया का भुगतान होगा भी या नहीं या फिर होगा तो कौन करेगा? इसको लेकर किसी भी तरह की जानकारी पाकिस्तान हॉकी संघ की तरफ से नहीं दी गई है। इतना ही नहीं कोच रोलेंट ओल्टमैंस के वेतन का भुगतान कौन करेगा, इस बात की भी कोई जानकारी नहीं है।
