स्पोर्ट्स

Norway Chess 2026: डी गुकेश ने प्रज्ञानानंदा को हराकर उम्मीद कायम रखी, दिव्या देशमुख का बेहतरीन प्रदर्शन

D Gukesh Beat R Praggnanandhaa In Norway Chess 2026: डी गुकेश ने अपना 20वां जन्मदिन मनाने के दो दिन बाद नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में अपने हमवतन आर प्रज्ञानानंदा को क्लासिकल मुकाबले में हराकर पूरे तीन अंक हासिल किए और खिताब की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा जबकि महिला वर्ग में दिव्या देशमुख शीर्ष पर पहुंच गईं।

Image

नॉर्वे शतरंत 2026 में डी गुकेश और दिव्या देशमुख का शानदार प्रदर्शन (Instagram)

Norway Chess 2026: भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने अपना 20वां जन्मदिन मनाने के दो दिन बाद नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में अपने हमवतन आर प्रज्ञानानंदा को क्लासिकल मुकाबले में हराकर पूरे तीन अंक हासिल किए और खिताब की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा जबकि महिला वर्ग में दिव्या देशमुख शीर्ष पर पहुंच गईं।

इस बीच मौजूदा चैंपियन मैग्नस कार्लसन की मुश्किलें और बढ़ गईं क्योंकि उन्हें अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो से हार का सामना करना पड़ा। इससे वह पांच राउंड के बाद छह खिलाड़ियों की तालिका में सबसे नीचे आ गए।

वेस्ली सो इस जीत से 8.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए। वह अलीरेज़ा फ़िरोजा से पीछे हैं, जिन्होंने अब तक प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखते हुए 10 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ बनाए रखी है। गुकेश अब अब 6.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हो गए हैं। इस जीत के बाद स्टेडियम में मौजूद प्रशंसक ऑटोग्राफ, सेल्फी और तस्वीरों के लिए विश्व चैंपियन के पास पहुंच गए।

प्रज्ञानानंदा छह अंकों के साथ चौथे स्थान पर बने हुए हैं। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले प्रज्ञानानंदा ने वर्ल्ड नंबर.1 खिलाड़ी नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन को करियर में दूसरी बार शिकस्त देते हुए सुर्खियां बटोरी थीं। जबकि जर्मन ग्रैंडमास्टर विंसेंट कीमर पांच अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। कार्लसन 4.5 अंकों के साथ अंतिम स्थान पर खिसक गए हैं। महिला वर्ग में भारत की विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने चीन की झू जिनर को क्लासिकल बाजी में हराकर तीन अंक हासिल किए। इससे वह 8.5 अंकों के साथ पहली बार छह खिलाड़ियों की तालिका में शीर्ष पर पहुंच गईं।

भारतीय खिलाड़ी ने 84 चाल में जीत हासिल की। भारत की ही कोनेरू हम्पी ने चीन की जू वेनजुन को हराया। हम्पी के 4.5 अंक हैं और इस जीत के बावजूद वह सबसे निचले स्थान पर हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article