स्पोर्ट्स

मुंबई पुलिस ने सीखे कोलकाता की घटना से सबक, लियोनल मेसी के इवेंट के लिए कड़ी की गई सुरक्षा

अर्जेंटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के रविवार को मुंबई दौरे को देखते हुए शहर की पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रशासन कोलकाता की घटना से सबक सीखकर अतिरिक्त सावधानी बरत रहा है।

Image

लियोनल मेसी

Photo : AP

मुंबई: अर्जेंटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के रविवार को मुंबई दौरे को देखते हुए शहर की पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं और अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम के भीतर पानी की बोतलें, धातु की वस्तुएं और सिक्के ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने कहा कि इनके साथ ही भीड़ पर नजर रखने के लिए ‘वॉच टावर’ भी लगाए जाएंगे।

कोलकाता की घटना से मुंबई पुलिस ने सीखे सबक

पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की भगदड़ जैसी स्थिति से बचने और शनिवार को कोलकाता में मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में हजारों प्रशंसकों ने विरोध प्रदर्शन किया था क्योंकि मंहगे टिकट खरीदने के बावजूद उन्हें फुटबॉल आइकन की झलक नहीं मिल पाई थी। मेसी के रविवार को मुंबई में क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (ब्रेबोर्न स्टेडियम) में ‘पैडल जीओएटी कप’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद एक सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच में हिस्सा लेने की उम्मीद है। इसके बाद वह शाम करीब पांच बजे वानखेड़े स्टेडियम में ‘जीओएटी इंडिया टूर’ के मुख्य कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी किए गए तैनात

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,'लियोनेल मेसी के मुंबई दौरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस पूरी तरह तैयार है और दक्षिण मुंबई में स्थित स्टेडियम के आसपास उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कोलकाता में हुई अव्यवस्था और सुरक्षा चूक को देखते हुए ब्रेबोर्न और वानखेड़े स्टेडियम में विश्व कप स्तर की सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है।' मेसी के दौरे के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए दोनों स्थलों के आसपास 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

पिछली गलतियों को दोहराने से बचने की कर रहे हैं कोशिश

अधिकारी ने कहा कि मुंबई पुलिस को आईसीसी विश्व कप जीत के बाद भारतीय टीम की विजय परेड और वानखेड़े स्टेडियम में विश्व कप फाइनल मैच के दौरान सुरक्षा प्रबंधन का अनुभव है जिसमें एक लाख से अधिक क्रिकेट प्रशंसक जुटे थे। उन्होंने कहा,'हम पिछली गलतियों को दोहराने से बचने की कोशिश कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि मुंबई के स्टेडियमों में कोलकाता की तरह अंदर घुसने की कोई गुंजाइश नहीं है।

वानखेड़े स्टेडियम में 33 हजार दर्शकों के आने की है उम्मीद

पुलिस साथ ही आयोजकों से यह भी सुनिश्चित करवा रही है कि स्टेडियम के भीतर प्रशंसकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि कोई अव्यवस्था नहीं हो। उन्होंने बताया कि दर्शकों ने 5,000 से 25,000 रुपये तक के टिकट खरीदे हैं और इतनी राशि चुकाने के बाद वे उचित सुविधाओं की अपेक्षा करते हैं। पुलिस के अनुसार वानखेड़े स्टेडियम में करीब 33,000 दर्शकों के आने की उम्मीद है। इसके अलावा लगभग 30,000 लोग स्टेडियमों के बाहर और आसपास सिर्फ फुटबॉल स्टार की एक झलक पाने के लिए जुट सकते हैं।

पानी की बोतल सहित कई चीजें ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध

मेसी के भारत दौरे के लिए जिम्मेदार आयोजकों ने हाल में मुंबई आकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस से चर्चा की थी। बैठक के दौरान मुंबई पुलिस ने आयोजकों से कार्यक्रम को हल्के में नहीं लेने की सख्त हिदायत दी थी। सभी आवश्यक शर्तें पूरी होने के बाद अंतिम सुरक्षा तैनाती तय की गई। अधिकारी ने बताया कि वानखेड़े स्टेडियम में सुरक्षा की मानक प्रक्रिया के तहत पानी की बोतलें, धातु की वस्तुएं और सिक्के ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के आसपास ‘वॉच टावर’ लगाए जाएंगे और यातायात में बदलाव किया जाएगा ताकि लोगों के खड़े होने के लिए अधिक जगह उपलब्ध हो सके।

पुलिस ने की है पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने की अपील

पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे दक्षिण मुंबई आने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और निजी वाहनों से बचें। भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए पुलिस स्टेडियम से कुछ दूरी पर ही प्रशंसकों को रोकेगी और भीड़ को दिशा-निर्देश देने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। भीड़ प्रबंधन के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए जाएंगे। अगर भीड़ अनुमान से अधिक बढ़ती है तो पुलिस लोगों को अन्य मैदानों की ओर मोड़ सकती है जिसकी तैयारी की जा रही है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए दक्षिण मुंबई में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article