स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी को लेकर खबर सामने आ रही है कि इस सत्र के आखिर में वह पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के साथ अपना दो साल का अनुबंध खत्म होने के साथ फ्रांस के इस क्लब को छोड़ सकते हैं। हालांकि, इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। इस अपडेट को गोपनीयता की शर्त पर एसोसिएट प्रेस को यह जानकारी दी गई है, जिसमें कहा गया है कि मेस्सी आपसी सहमति से इस क्लब को छोड़ रहे हैं।
लेकिन कुछ लोग इसके पीछे के कारण को लेकर कह रहे हैं कि मेस्सी हाल ही में सऊदी अरब गए थे, जिसके लिए उन्होंने अपने पीएसजी से अनुमति नहीं ली थी। इसलिए क्लब ने उन्हें निलंबित कर दिया था। इस खबर के सामने आने के ठीक एक दिन बाद अर्जेंटीना के इस स्टार खिलाड़ी के क्लब छोड़ने की खबर सामने आने लगी। मेस्सी का सऊदी अरब में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मध्यपूर्व के इस देश के साथ व्यावसायिक अनुबंध है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह इस सत्र के अंत में मोटी रकम पर सऊदी अरब के किसी क्लब से जुड़ सकते हैं।
इसके अलावा यह भी चर्चा है कि वह वापस बार्सिलोना लौट सकते हैं जहां उन्होंने अपने करियर का अधिकतर समय बिताया है। उनके अमेरिका में मेजर लीग सॉकर में खेलने की भी चर्चा है।
रोनाल्डो को पीछे छोड़ सकते हैं मेस्सी
द टेलीग्राफ के रिपोर्ट के अनुसार उन्हें सऊदी अरब के क्लब से जुड़ने के लिए एक अच्छी-खासी मोटी रकम की पेशकश की गई है। यह रकम प्रति वर्ष 320 मिलियन डॉलर हो सकती है। यदि यह डील पूरी होती है तो वह सबसे बड़ी डील पाने के मामले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पीछे छोड़ देंगे। बीते साल दिसंबर में सऊदी अरब के फुटबॉल क्लब अल-नासर ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो को प्रति वर्ष 173 मिलियन डॉलर में अपने साथ जोड़ा था। उन्होंने इस क्लब के साथ ढाई सालों के लिए करार किया है।
