ओलंपिक क्वालीफायर के ब्रोंज मेडल मैच में जापान ने भारतीय महिला टीम को 1-0 से हराकर पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस प्रकार भारतीय टीम पेरिस ओलंपिक से बाहर हो गई हैं। जापान की ओर से काना उराटा ने पहले क्वार्टर में मिले पेनेल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। जापान ने शानदार डिफेंस दिखाते हुए भारतीय टीम के सामने अगले तीन क्वार्टर में एक भी गोल कंसीड नहीं किया और अपनी टीम को पेरिस ओलंपिक में जगह दिला दी। जापान की टीम लगातार छठी बार ओलंपिक में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है। भारत को इस मुकाबले में 10 पेनेल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वह इसे गोल में नहीं बदल पाई।
लगातार तीसरे ओलंपिक खेलने से चूकी
भारतीय महिला हॉकी टीम के पास सविता पूनिया के नेतृत्व में चौथी बार ओलंपिक में जाने का मौका था, लेकिन वह चूक गई। टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली इस टीम से हॉकी फैंस को काफी उम्मीदें थी, लेकिन वह इन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। भारतीय महिला टीम पहली बार 1980 में ओलंपिक में उतरी थी। 2016 में रियो और फिर 2020 में टीम टोक्यो ओलंपिक में जगह बनाने में कामयाब रही थी। रियो में टीम 12वें पोजिशन पर थी।
