FIFA World Cup 2026: भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण को लेकर बनी अनिश्चितता अब समाप्त हो गई है। इस बड़े टूर्नामेंट के प्रसारण के अधिकार Zee एंटरटेनमेंट ने खरीद लिए हैं। अब भारतीय फैंस फीफा वर्ल्ड कप के मैच Zee के चैनल और ऐप पर देख पाएंगे। फीफा वर्ल्ड कप के सभी मैच Unite8 Sports नाम के टीवी चैनल पर दिखाए जाएंगे। इसके साथ ही Zee5 ऐप पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग भी होगी। इसका मतलब यह हुआ कि आप टीवी और मोबाइल दोनों पर आसानी से फीफा वर्ल्ड कप के मैच देख सकेंगे।
कब शुरू होगा FIFA वर्ल्ड कप
फीफा वर्ल्ड कप 2026 इसी महीने यानि जून की 11 तारीख से शुरू हो रहा है। इस बार यह टूर्नामेंट तीन देशों में खेला जाएगा। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा मिलकर इसकी मेजबानी करन को तैयार हैं। Zee ने सिर्फ 2026 वर्ल्ड कप ही नहीं बल्कि कई और फीफा टूर्नामेंट के अधिकार भी खरीदे हैं। इसमें 2030 फीफा वर्ल्ड कप, 2027 महिला फीफा वर्ल्ड कप और 2034 तक के दूसरे बड़े फीफा इवेंट भी शामिल हैं। वहीं अंडर 17 वर्ल्ड कप, महिला अंडर 17 वर्ल्ड कप, अंडर 20 वर्ल्ड कप, महिला अंडर 20 वर्ल्ड कप, फुटसल वर्ल्ड कप, महिला फुटसल वर्ल्ड कप और इंटरकॉन्टिनेंटल कप के प्रसारण अधिकार भी Zee ने ले लिए हैं।
Zee के CEO ने क्या कहा
ZEE के सीईओ पुनीत गोयनका ने कहा कि वह दुनिया के सबसे बड़े खेल इवेंट को भारतीय दर्शकों तक लाकर खुश हैं। उनके मुताबिक फुटबॉल हर इलाके और हर उम्र के लोगों को जोड़ता है। मीडिया राइट्स लेना और नए स्पोर्ट्स चैनल शुरू करना बताता है कि कंपनी को फुटबॉल के भविष्य पर पूरा भरोसा है। उन्होंने आगे कहा कि कंपनी ऐसे ही टूर्नामेंट में पैसा लगाती है जहां आज के समय में दिलचस्पी हो और आगे भी बढ़ने की संभावना हो। फीफा के साथ यह साझेदारी कंपनी को फुटबॉल की असली कीमत निकालने में मदद करेगी। साथ ही हर फैन के लिए खेल का रोमांच भी बढ़ेगा।
JioStar से नहीं बनी बात
पहले खबरें चल रही थीं कि फीफा के प्रसारण अधिकार JioStar लेना चाहता है। हालांकि, फीफा इसके लिए 10 करोड़ डॉलर मांग रहा था। बाद में वह 6 करोड़ डॉलर तक आने को तैयार हो गया। चीन मीडिया ग्रुप को फीफा ने इतने में ही अधिकार बेचे थे। दूसरी तरफ JioStar इस टूर्नामेंट को सिर्फ 2 करोड़ डॉलर का मान रहा था। जिसके बाद फीफा ने अधिकार देने से इंकार कर दिया। इससे पहले 2022 फीफा वर्ल्ड कप के अधिकार Viacom18 के पास थे। Viacom18 अब JioStar का ही हिस्सा है। तब कंपनी ने 6.2 करोड़ डॉलर में अधिकार खरीदे थे। अब Zee के पास लंबे समय तक फीफा के बड़े टूर्नामेंट हैं।
स्पोर्ट्स की ताजा ख़बरें (Sports News Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें (क्रिकेट न्यूज़) की छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। आईपीएल (IPL) अपडेट और अंक तालिका (Ank Talika) ऑरेंज कैप (Orange Cap) पर्पल कैप (Purple Cap) की ताजा अपडेट के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |
