स्पोर्ट्स

Sultan Azlan Shah Cup 2025: भारत ने सुल्तान अजलान शाह कप में किया जीत के साथ आगाज, पहले मुकाबले में दी दक्षिण कोरिया को मात

भारतीय हॉकी टीम ने सुल्तान अजलान शाह कप में जीत के साथ शुरुआत की है। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण कोरिया की टीम को 1-0 के अंतर से मात दी।

Image

भारतीय पुरुष हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट FANCODE Screen Grab)

इपोह: मोहम्मद राहील के पहले क्वार्टर में किये गये इकलौते गोल की बदौलत युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम ने रविवार को सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के पहले मैच में तीन बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया को 1-0 से हरा दिया। भारतीय टीम छह साल के अंतराल के बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग ले रही है। मैच के 15वें मिनट में दिलप्रीत सिंह के बनाये मौके को राहील ने गोल में बदल कर टीम का खाता खोला।

भारत की जीत में टीम के मिडफील्ड में दबदबे का मुख्य योगदान रहा जिसका श्रेय अभिषेक और टीम के कप्तान संजय को जाता है। ये दोनों खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। भारतीय खिलाड़ियों ने दोनों ओर से लगातार आक्रमण कर कोरिया की रक्षापंक्ति पर दबाव बनाये रखा। मैच के चौथे मिनट में ही टीम ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन संजय उसे गोल में बदलने में नाकाम रहे। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम ने इससे पहले 2019 में इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। तब टीम फाइनल में कोरिया से हारकर उपविजेता रही थी।

कोरिया ने दूसरे क्वार्टर में वापसी के लिए जोर लगाया और टीम को इसका फायदा 27वें मिनट में मिला। उनके अग्रिम पंक्ति का एक खिलाड़ी गेंद के साथ भारतीय गोल पोस्ट के पास पहुंचने में सफल रहा लेकिन डाइव लगाकर प्रयास करने के बाद बावजूद वह इसे गोल में नहीं बदल पाया। भारतीय खिलाड़ियों ने इसके बाद बेहतर सामंजस्य दिखाया और आखिरी दो क्वार्टर में कोरिया को ज्यादा मौके नहीं दिये। इस दौरान टीम ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन अभिषेक का प्रयास गोल से दूर रहा।

इस मुकाबले को भारतीय समयानुसार दोपहर डेढ़ बजे शुरू होना था लेकिन बारिश के कारण मैच छह घंटे की देरी से शुरू हुआ। भारत सोमवार को बेल्जियम से भिड़ेगा। राउंड-रॉबिन प्रारूप में प्रत्येक टीम अन्य पांच टीमों से एक-एक बार खेलेगी, जिसमें विजेता को तीन अंक मिलेंगे और ड्रॉ पर एक अंक मिलेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article