स्पोर्ट्स

India Open 2026: सिंधु सहित इन खिलाड़ियों का दिल्ली में दिखेगा दम, 13 जनवरी से होगा 'इंडिया ओपन का आगाज

India Open 2026: नई दिल्ली में इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 13 जनवरी से होने जा रहा है। 6 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में पीवी सिंधु सहित सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी और लक्ष्य सेन जैसे खिलाड़ी एक्शन में होंगे।

Image

इंडिया ओपन 2026 (साभार-BAI)

India Open 2026: इंडिया ओपन 2026 का आयोजन 13-18 जनवरी के बीच नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होगा। इस टूर्नामेंट की कुल प्राइज मनी 950,000 अमेरिकी डॉलर है। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) के तहत बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) की ओर से आयोजित, यह सुपर 750 टूर्नामेंट एक बार फिर भारत में दुनिया के टॉप शटलर्स की मेजबानी करेगा। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर शेड्यूल पर एक प्रमुख इवेंट के तौर पर, इंडिया ओपन 11,000 रैंकिंग प्वाइंट्स तक देता है। फैंस 6 दिनों के इस टूर्नामेंट में एन से-यंग, पीवी सिंधु, कुनलावुत विटिडसर्न, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी और लक्ष्य सेन जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ-साथ भारत की उभरती प्रतिभाओं जैसे उन्नति हुड्डा और आयुष शेट्टी को खेलते हुए देखेंगे।

मैच के दौरान 8 हजार से ज्यादा दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी, जो पिछली बार से दोगुनी है। यह आयोजन भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन इवेंट के बढ़ते महत्व को दिखाता है। 2026 एडिशन का लक्ष्य खिलाड़ियों और फैंस दोनों के लिए एक विशाल, ज्यादा रोमांचक और अधिक आकर्षक अनुभव देना है।

इंडिया ओपन 2026 के टिकट सिर्फ ऑनलाइन बेचे जाएंगे। इनकी कीमतें 400 रुपये से शुरू होती हैं, जिसमें प्रीमियम सीटों की कीमत 1,750 रुपये तक है। इससे अलग-अलग कैटेगरी में ऑप्शन मिलेंगे।

टिकट बिक्री का पहला चरण दिसंबर के अंत तक चलेगा, जिसमें खासकर नॉकआउट मुकाबलों के लिए सबसे ज्यादा छूट मिलेगी। इसके बाद जनवरी की शुरुआत से शुरू होने वाले अगले चरणों में भी कम दामों पर टिकट उपलब्ध रहेंगे।

इस मौके पर बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव संजय मिश्रा ने कहा, "इंडिया ओपन का इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजन टूर्नामेंट के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस वेन्यू से खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए बेहतर ऑन-ग्राउंड मिलेगा और अधिक फैंस स्टेडियम में एक साथ बैठकर मैच का लुत्फ उठा सकेंगे। जैसे-जैसे भारतीय बैडमिंटन का कद बढ़ रहा है, यह जरूरी है कि हमारे प्रमुख इवेंट भी उसी के साथ विकसित हों। ऐसे स्थान वेन्यू बनाए जाएं जहां खेल, एथलीट्स और फैंस सभी एक साथ आगे बढ़ सकें।"

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article