स्पोर्ट्स

Hockey Asia Cup 2025: भारत ने सुपर फोर मुकाबले में दक्षिण कोरिया को बराबरी पर रोका

भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन दक्षिण कोरिया को राजगीर में आयोजित हो रहे हॉकी एशिया कप 2025 के सुपर फोर राउंड के मुकाबले में बराबरी पर रोकने में सफल रही। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

भारत बनाम दक्षिण कोरिया (फोटो क्रेडिट Asian Hockey Federation)

राजगीर (बिहार): मेजबान भारत ने बुधवार को पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सुपर चार चरण के अपने पहले मैच में गत चैंपियन कोरिया के खिलाफ कई मौके गंवाए और उसे 2-2 से ड्रॉ पर संतोष करना पड़ा। गेंद पर कब्जा करने और मौकों के मामले में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहतर था लेकिन कोरियाई टीम ने मजबूती से बचाव करते हुए ड्रॉ हासिल किया। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। हार्दिक सिंह (8वें मिनट) ने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई जिसके बाद यांग जिहुन (12वें मिनट) और ह्योनहोंग किम (14वें मिनट) ने लगातार गोल करके कोरिया को आगे कर दिया। मनदीप सिंह (52वें मिनट) ने अंतिम क्वार्टर में बराबरी हासिल की। भारत अब बृहस्पतिवार को मलेशिया से खेलेगा जबकि कोरिया की टीम चीन के सामने होगी। भारतीय टीम ने पूल ए के सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की जिसमें उसने चीन को 4-3, जापान को 3-2 से हराया और फिर कजाखस्तान को 15-0 से रौंदा।

बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ मैच

मैच भारी बारिश के कारण लगभग 50 मिनट देरी से शुरू हुआ। शुरुआत से ही हार्दिक मिडफील्ड में अपने सटीक ड्रिबल से भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। भारत ने दूसरे मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। मेजबान टीम को सातवें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वे कोरियाई रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहे। लेकिन एक मिनट बाद ही भारत ने हार्दिक के जरिए बढ़त हासिल कर ली। सुखजीत सिंह ने हाफलाइन में हार्दिक को पास दिया जिन्होंने चार-पांच कोरियाई रक्षकों को छकाते हुए गोलकीपर के ऊपर से गेंद को गोल में डालकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। लेकिन भारत के कुछ खराब रक्षण ने कोरिया को 12वें मिनट में बराबरी दिला दी।

हॉफ टाइम पर 1-2 से पीछे था भारत

सर्किल के अंदर जुगराज सिंह द्वारा एक कोरियाई खिलाड़ी को जानबूझकर दिया गया धक्का पेनल्टी स्ट्रोक का कारण बना और जिहुन यांग ने इस पर गोल करने में कोई गलती नहीं की। दो मिनट बाद कोरिया ने एक और गोल कर दिया। ह्योनहोंग किम ने अपने पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। दूसरे गोल ने भारतीयों को थोड़ा बेचैन कर दिया। भारतीय टीम कुछ बार सर्कल में घुसने में कामयाब रही लेकिन कोरियाई रक्षापंक्ति मज़बूत थी। पहले हाफ तक भारत 1-2 से पीछे था।

फिर कोरिया ने खेल धीमा करने की कोशिश की और गेंद पर कब्जा बनाए रखा।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने किया आक्रमण

भारत को 41वें मिनट में बराबरी का सुनहरा मौका मिला लेकिन मनप्रीत सिंह से मिले पास पर सुखजीत सिंह गोल नहीं कर पाए। तीसरे क्वार्टर के खत्म होने से कुछ सेकंड पहले भारत को अपना चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन हरमनप्रीत के प्रयास को कोरियाई डिफेंस ने बचा लिया। भारत ने चौथे और आखिरी क्वार्टर में लगातार मौके बनाए लेकिन फॉरवर्ड लाइन स्ट्राइकिंग सर्कल के अंदर ही चूक गई और आसान मौके गंवा दिए। भारत को 49वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जुगराज की फ्लिक को कोरियाई खिलाड़ी ने रोक दिया।

मनजीत और सुखदेव की जोड़ी ने कराई बराबरी

कोरियाई डिफेंस आखिरकार लगातार दबाव में लड़खड़ा गया जब मनदीप ने सुखजीत की मदद से गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया। भारत ने कुछ सेकंड बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन अमित रोहिदास का शॉट वाइड चला गया। भारत ने सीटी बजने तक दबाव बनाए रखा और विजयी गोल की तलाश जारी रखी लेकिन गोल नहीं हो सका। मलेशिया ने पहले सुपर चार मैच में चीन को 2-0 से हरा दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article