स्पोर्ट्स

Hockey Asia Cup 2025: एशिया कप में भाग लेने राजगीर पहुंची बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीम

बिहार में आयोजित हो रहे हॉकी एशिया कप 2025 में भाग लेने के लिए बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें बुधवार को राजगीर पहुंच गईं। खत्म हुआ टीमों के भारत पहुंचने का सिलसिला।

Image

राजगीर पहुंचने के बाद तस्वीर खिंचाती चीनी ताइपे की हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

राजगीर: चीनी ताइपे और बांग्लादेश की पुरुष हॉकी टीमें बुधवार को यहां पहुंची जिससे शुक्रवार से शुरू होने वाले हीरो एशिया कप के लिए आठ टीमों की लाइनअप पूरी हो गई। तीन बार का विजेता भारत और गत विजेता दक्षिण कोरिया खिताब जीतने के प्रबल दावेदार हैं। पाकिस्तान और ओमान टूर्नामेंट से हट गए हैं जिससे उनकी जगह बांग्लादेश और कजाखस्तान ने ले ली है। विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर काबिज चीनी ताइपे 2013 में पदार्पण के बाद सिर्फ दूसरी बार इस टूर्नामेंट में खेलेगी। चीनी ताइपे को पूल बी में कोरिया, बांग्लादेश और मलेशिया के साथ रखा गया है।

चीनी ताइपे शुक्रवार को कोरिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी जिसके बाद शनिवार को बांग्लादेश और एक सितंबर को मलेशिया से भिड़ेगी। चीनी ताइपे के कप्तान चुन-यू चांग ने कहा,'भारत में हॉकी के प्रति इतना जुनून है जिससे यहां खेलना हम सभी के लिए एक अद्भुत अनुभव है। हमारा ध्यान इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खेले जाने वाले हर मैच का आनंद लेने और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर होगा।'

एशिया कप 2013 में चीनी ताइपे अपने सभी तीन पूल मैच हारकर ग्रुप में सबसे निचले स्थान पर रहा था। विश्व रैंकिंग में 29वें स्थान पर काबिज बांग्लादेश प्रतियोगिता के इतिहास में सबसे नियमित टीम में से एक है जिसने 1982 में शुरुआत के बाद से एशिया कप के हर चरण में हिस्सा लिया है। इस बार बांग्लादेश ने पाकिस्तान की जगह ली है और टीम शुक्रवार को मलेशिया के खिलाफ पूल बी मैच के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article