German Football Legend Franz Beckenbauer: फुटबॉल जगत के लिए आज का दिन अच्छा नहीं रहा। फुटबॉल प्रेमियों ने एक दिग्गज फुटबॉलर को खो दिया। फुटबॉल के जानेमाने खिलाड़ी और आइकॉन फ्रांज बेकेनबाउर का 78 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार वालों ने बेकेनबाउर के निधन की पुष्टि भी कर दी है। वे पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।
जर्मनी को दो बार वर्ल्ड चैम्पियन बनाया
डेर कैसर के नाम से प्रसिद्ध फ्रांज बेकेनबाउर ने जर्मनी को दो बार वर्ल्ड चैम्पियन बनाया। बेकेनबाउर खिलाड़ी के रूप में 1974 फीफा वर्ल्ड कप में वेस्ट जर्मनी चैम्पियन टीम के सदस्य थे। इसके अलावा उन्होंने इटली में मैनेजर रहते हुए वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की थी।
वेस्ट जर्मनी के लिए खेल चुके हैं 100 से ज्यादा मैच
फुटबॉलर फ्रांज बेकेनबाउर वेस्ट जर्मनी के लिए 100 से अधिक मैच खेल चुके हैं। वे 1965 से 1977 के बीच 103 मैच खेले थे और उसमें 14 गोल किए थे। इसके अलावा 1964 में वेस्ट जर्मनी यूथ के लिए तीन मैचों में 3 गोल और 1965 में वेस्ट जर्मनी बी टीम के लिए 2 मैच खेल चुके हैं।
इन टीमों के रह चुके हैं मैनेजर
फुटबॉल जगत पर बतौर खिलाड़ी छाप छोड़ने के बाद फ्रांज बेकेनबाउर ने मैनेजर बनने का फैसला किया। वे 1984 से 1996 के बीच तीन टीमों के मैनेजर रह चुके थे। बेकेनबाउर 1984 से 1990 तक वेस्ट जर्मन के कोच रहे थे। इसके अलावा 1990 से 1991 के बीच मार्सिले और 1993 से 1994 तक और 1996 में बायर्न म्यूनिख के मैनेजर रह चुके थे।
