स्पोर्ट्स

French Open: नंबर 1 यानिक सिनर को दूसरे राउंड में मिली हार, हीट वेब से मैच के दौरान हुई चक्कर आने की समस्या

पेरिस के रोलैंड गैरोस में क्ले-कोर्ट में गुरुवार को एक रोमांचक मुकाबले में टेनिस जगत के नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर दूसरे दौर में हार गए। पेरिस में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच खेले गए मैच में सिनर को 56वीं रैंकिंग वाले जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने 3-6, 2-6, 7-5, 6-1, 6-1 से हरा दिया। मैच के बाद सिनर ने बताया कि हीट वेब के चलते उन्होंने मैच के दौरान चक्कर आने समस्या से दो चार होना पड़ा।

Image

यानिक सिनर को फ्रेंच के दूसरे दौर में मिली हार। फोटो- AP

रोलैंड गैरोस में क्ले-कोर्ट में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। गुरुवार को पेरिस की भीषण गर्मी के बीच यानिक सिनर का हार जाना बेहद चौंकाने वाला था। खासकर तब, जब वह दूसरे राउंड का मैच सीधे सेटों में खत्म करने से सिर्फ एक गेम दूर थे और तीसरे सेट में 5-1 से आगे चल रहे थे। हीट वेब के चलते शीर्ष रैंकिंग वाले सिनर को चक्कर आने की समस्या हुई और उन्हें 56वीं रैंकिंग वाले जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने 3-6, 2-6, 7-5, 6-1, 6-1 से हरा दिया। सिनर ने मैच जीतने के लिए सर्विस करने के दो मौके भी गंवा दिए थे।

कार्लोस अल्कराज के दाहिने हाथ की कलाई में चोट लगने के कारण वह फ्रेंच ओपन से बाहर गए। इसके बाद यानिक सिनर को ग्रैंड स्लैम का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। राफेल नडाल के 14 बार फ्रेंच ओपन जीतने के बाद इस टूर्नामेंट में इतना सिनर ही सबसे प्रमुख खिलाड़ी बनकर उभरे थे। उन्होंने पिछले तीन महीनों में टेनिस में जीतने लायक सब कुछ जीत लिया था। उन्होंने लगातार पांच मास्टर्स 1000 खिताब- जिनमें से तीन क्ले कोर्ट पर थे। इसके अलावा लगातार 30 मैच जीत भी शामिल हैं, लेकिन इस हार के चलते उनकी दावेदारी समाप्त हो गई। सिनर को पिछली हार 19 फरवरी को कतर ओपन के क्वार्टर फाइनल में मिली थी। उन्होंने लगातार पांच मास्टर्स खिताब जीते थे, जिसमें उन्होंने सिर्फ तीन सेट गंवाए थे।

मैच के दौरान आया चक्कर

मैच की शुरुआत में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस (84 फारेनहाइट) था, जो बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस (90 फारेनहाइट) हो गया। जब तीसरे सेट में 5-4 के स्कोर पर सिनर दूसरी बार मैच के लिए सर्व कर रहे थे तो 0-40 के स्कोर पर वह झुक गए और फिर अपनी कुर्सी की ओर चले गए। उन्होंने मदद मांगी और कोर्ट से बाहर चले गए। उनकी पूरी हल्की नीली पोशाक पसीने से भीगी हुई थी। सेट 7-5 से हारने के बाद, सिनर को मेडिकल मदद दी गई और वह कोर्ट से बाहर चले गए। जब वह वापस लौटे, तो उनके ड्रिंक में मिनरल्स मिलाए गए, लेकिन सिनर फिर भी पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाए। सिनर ने आखिरी 20 में से 18 गेम गंवा दिए।

मैच के बाद सिनर ने कहा, मुझे कोर्ट पर बिल्कुल भी अच्छा महसूस नहीं हो रहा था। मुझे काफी दिक्कत हो रही थी; मुझे बहुत ज्यादा चक्कर आने लगे थे और शरीर में ऊर्जा बिल्कुल भी नहीं बची थी... शुरुआत में, मैं बहुत ही साफ-सुथरे और बेहतरीन शॉट लगा रहा था, लेकिन फिर अचानक से मेरी सारी ताकत खत्म हो गई। सच कहूं तो, मेरे शरीर में बिल्कुल भी ऊर्जा नहीं बची थी। मैं पूरी तरह से निढाल हो चुका था। मेरा पूरा शरीर जवाब दे गया था। मुझे याद नहीं कि पिछली बार मुझे इतना कमजोर कब महसूस हुआ था।

सिनर ने बताया कि जब वह गुरुवार को सोकर उठे, तो उन्हें बहुत अच्छा महसूस नहीं हो रहा था। वहीं, सेट बदलने के दौरान उन्होंने हाथ वाले पंखे से खुद को ठंडा करने की कोशिश की और अपनी गर्दन के चारों ओर बर्फ़ की थैलियां रखीं।

17 साल का खिलाड़ी अगले दौर में

अन्य मैचों में 17 साल के फ्रांसीसी खिलाड़ी मोइज कौमे ग्रैंड स्लैम के तीसरे दौर में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के मेंस खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले 2003 के विंबलडन में राफेल नडाल भी 17 साल की उम्र में इस दौर में पहुंचे थे। कौमे ने एडोल्फो डैनियल वैलेजो को 6-3, 7-5, 3-6, 2-6, 7-6 (8) से हराया। फ्रांसिस टियाफो को ह्यूबर्ट हुरकाज़ को 6-7 (5), 7-6 (5), 6-4, 6-7 (1), 6-4 से हराने में लगभग पांच घंटे लगे। सेरुंडोलो के बड़े भाई, फ्रांसिस्को ने ह्यूगो गैस्टन को 2-6, 6-4, 6-2, 6-1 से हराया। महिलाओं के मुकाबले में, नाओमी ओसाका ने कोर्ट पर उतरते समय एक बार फिर अपने फैशन का जलवा बिखेरा, जिसके बाद उन्होंने डोना वेकिच को 7-6 (1), 6-4 से हराया।

स्पोर्ट्स की ताजा ख़बरें (Sports News Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें (क्रिकेट न्यूज़) की छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। आईपीएल (IPL) अपडेट और अंक तालिका (Ank Talika) ऑरेंज कैप (Orange Cap) पर्पल कैप (Purple Cap) की ताजा अपडेट के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

Umesh Kumar
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article