स्पोर्ट्स

फीफा विश्व कप 2026 को लेकर बड़ी भविष्यवाणी, ये चार टीमें हैं खिताब की प्रबल दावेदार

जून 11 से अमेरिका, कानाडा और मैक्सिको की मेजबानी में 2026 फीफा वर्ल्ड कप खेला जाएगा। 16 शहरों में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। 48 टीमें खिताब जीतने के लिए एक दूसरे से भिड़ेंगी। 19 जुलाई को एक देश फीफा विश्व कप ट्रॉफी उठाएगा और उसे अपने घर ले जाएगा। टूर्नामेंट के आगाज से पहले 2026 फीफा विश्व कप में खिताबी जीत के लिए चार टीमों को प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

Image

फीफा 2026 के प्रबल दावेदार।

साल 2026, 19 जुलाई को एक देश फीफा विश्व कप ट्रॉफी उठाएगा और उसे अपने घर ले जाएगा। लेकिन 11 जून को, कुराकाओ से लेकर पुर्तगाल, उज्बेकिस्तान से लेकर फ्रांस तक की 48 अलग-अलग टीमें एक असंभव सपने को साकार करने का सपना देखेंगी। एक ऐसा सपना जिसमें सब कुछ संभव है। कुछ टीमें दबाव महसूस कर रही हैं। कुछ में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता है और कुछ टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेकर बेहद उत्साहित हैं।

जून 11 से अमेरिका, कानाडा और मैक्सिको की मेजबानी में 2026 फीफा वर्ल्ड कप खेला जाएगा। 16 शहरों में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। 48 टीमें खिताब जीतने के लिए एक दूसरे से भिड़ेंगी। टूर्नामेंट के आगाज से पहले 2026 फीफा विश्व कप में खिताबी जीत के लिए स्पेन (Spain), फ्रांस (France), इंग्लैंड (England) और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना (Argentina) को प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

स्पेन

साल 2010 में एकमात्र खिताब जीतने के बाद से स्पेन राउंड ऑफ 16 से आगे नहीं बढ़ पाया है, लेकिन अब बार्सिलोना के तीन खिलाड़ियों की बदौलत फाइनल में पहुंचने की पूरी उम्मीद है। इसमें 18 वर्षीय लामिन यामल विश्व कप में अपना डेब्यू करेंगे। डिफेंस लाइन-अप में 19 वर्षीय पाउ कुबार्सी बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक है और डिफेंस की कमान उन्हीं के हाथ में है। पेड्रि मिडफील्ड की कमान संभालेंगे, जिसमें घुटने की चोट के कारण लंबे समय तक मैदान से बाहर रहने के बाद मैनचेस्टर सिटी के रोड्रि भी शामिल होंगे। 2023 यूईएफए नेशंस लीग और 2024 यूरो खिताब जीतने वाली स्पेन की टीम इस बार फीफा की प्रबल दावेदार मानी जा रहा है।

ग्रुप एच में शामिल स्पेन के मैच: केप वर्डे (15 जून), सऊदी अरब (21 जून), उरुग्वे (26 जून)

अर्जेंटीना

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना, ब्राजील के बाद लगातार दो बार खिताब जीतने वाला पहला देश बनने का सपना लेकर उतरेगा। ब्राजील ने 1958 और 1962 में यह कारनामा किया था। 2022 में अर्जेंटीना को जीत दिलाने के बाद लियोनेल मेसी और स्कालोनी भी कोच के रूप में वापस आ गए हैं और टीम में हर स्तर पर प्रतिभा मौजूद है जो इस सपने को साकार कर सकती है। मेसी और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो छह विश्व कप में खेलने वाले पहले मेंस खिलाड़ी बन सकते हैं। अर्जेंटीना ने अभी तक कुल छह बार फाइनल खेला और उसमें से तीन बार खिताब जीता है।

ग्रुप जे में शामिल अर्जेंटीना के मैच: अल्जीरिया (16 जून), ऑस्ट्रिया (22 जून), जॉर्डन (27 जून)

इंग्लैंड

स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने हाल ही में अपने क्लब बायर्न म्यूनिख के साथ बुंडेसलिगा का खिताब जीता है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि क्या वह अपने ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड आगे बढ़ा सकते हैं। केन बायर्न भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। थॉमस ट्यूशेल इंग्लैंड के कोच हैं और उनके पास इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। डेक्लान राइस (आर्सेनल), 27 वर्षीय सेंट्रल मिडफील्डर पर खास नजर रहेगी। राइस ने इंग्लिश प्रीमियर लीग के लिए 2024 और 2025 में प्रोफेशनल फुटबॉलर्स एसोसिएशन टीम ऑफ द ईयर में चुना गया था। इंग्लैंड ने एकमात्र विश्व कप खिताब 1966 में जीता था।

ग्रुप एल में शामिल इंग्लैंड के मैच: क्रोएशिया (17 जून), घाना (23 जून), पनामा (27 जून)

फ्रांस

साल 2022 के विश्व कप फाइनल में, जिसे शायद अब तक का सबसे शानदार फाइनल माना जा सकता है, फ्रांस अर्जेंटीना से पेनल्टी शूटआउट में हार गया था। अब, लेस ब्लूज़ (फ्रांस की टीम) एक बार फिर मजबूत खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेगी। टीम में फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी शामिल होंगे, जिनमें बैलोन डी'ओर विजेता ओस्मान डेम्बेले (पेरिस सेंट-जर्मेन) और रियल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे प्रमुख हैं। फ्रांस ने पिछले सात विश्व कप फाइनलों में से चार में जगह बनाई है और 1998 और 2018 में विश्व कप जीता है।

ग्रुप आई में शामिल फ्रांस के मैच: सेनेगल (16 जून), इराक (22 जून), नॉर्वे (26 जून)

इन टीमों पर भी रहेगी नजर

इनके अलावा पुर्तगाल और ब्राजील की भी टीमें खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि, यह देखने को मिला है कि यूरो कप जीतने वाली टीम आम तौर पर फीफा वर्ल्ड कप नहीं जीत पाती है। इतिहास में ऐसा केवल एक बार हुआ है। स्पेन ने 2008 में यूरो कप जीता और 2010 का फीफा भी जीता। पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का फीफा वर्ल्ड कप जीतने का सपना है। वह अपने दम पर टीम को टूर्नामेंट में लीग स्टेज पर जीत दिलाने का मद्दा रखते हैं। हालांकि, बड़े मुकाबलों में उन्हें किसी का साथ चाहिए होगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article