स्पोर्ट्स

Pele Death News: अलविदा 'ब्लैक पर्ल', फुुटबॉल के महानतम पूर्व खिलाड़ी पेले का निधन

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 30, 2022, 03:33 AM IST

Pele Death News: फुटबॉल के महानतम खिलाड़ी ब्राजील के पेले का गुरुवार देर रात निधन हो गया। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वो कैंसर से जंग लड़ रहे थे लेकिन अंत में वो दुनिया छोड़ गए। उनका निधन ब्राजील के साओ पाउलो में हुआ। निधन के समय उनका पूरा परिवार साथ था।

Image

नहीं रहे महानतम पूर्व फुटबॉलर पेले (AP)

Pele passes away: फुटबॉल की दुनिया ने दो साल के अंदर अपने इतिहास दो सबसे बड़े नाम खो दिए। दो साल पहले जहां 25 नवंबर 2020 को अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना का निधन हुआ। वहीं गुरुवार देर रात ब्राजील के महानतम पूर्व फुटबॉलर पेले (Pele) का निधन हो गया। वो कोलन कैंसर से जूझ रहे थे और लंबे समय से अस्पताल में भर्ती थे। गुरुवार को उन्होंने 82 की उम्र में अंतिम सांसें लीं।

पेले का निधन ब्राजील के साओ पाउलो में हुआ। उनको 29 नवंबर को सांस लेने में दिक्कत आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तभी से वो लगातार संघर्ष कर रहे थे, लेकिन वो कैंसर से जंग जीत नहीं सके। फीफा विश्व कप 2022 के दौरान पेले ने अस्पताल में टीवी पर ब्राजील के मैच देखते हुए अपनी टीम को चीयर भी किया था। हालांकि ब्राजील का सफर क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सका था।

कौन थे पेले?

पेले का असली नाम एडसन अरांतेस डो नासिमेंटो था। उनका जन्म 23 अक्टूबर 1940 को ब्राजील के मिनास गेराइस में हुआ था। उनके पिता भी फुटबॉल खेला करते थे। उनका नाम मशहूर वैज्ञानिक थॉमस एडिसन के नाम से प्रेरित होकर रखा गया था। उनको पेले नाम स्कूल में मिला था। इसका हीब्रू भाषा में मतलब होता है करिश्मा। बाद में उनको 'ब्लैक पर्ल' नाम भी दिया गया। वो बेहद गरीब परिवार से थे और अतिरिक्त पैसों के लिए चाय की दुकान पर भी काम किया करते थे। पिता ने उनको फुटबॉल सिखाना शुरू किया और फिर वो सफर कहीं थमा नहीं। उन्होंने 16 की उम्र में ब्राजील के लिए पहला मैच खेला था। वो फुटबॉल इतिहास के सबसे सफल फुटबॉलर बने।

गोल का गिनीस वर्ल्ड रिकॉर्ड

पेले के नाम यूं तो तमाम रिकॉर्ड्स और ट्रॉफी मौजूद थीं। उन्होंने ब्राजील की टीम के साथ तीन बार फीफा विश्व कप खिताब जीता। वो ये कमाल करने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी रहे। उन्होंने 1970, 1962 और 1958 में फीफा विश्व कप ट्रॉफी उठाने का गौरव हासिल किया। उनके करियर की एक और सबसे खास बात जो रही वो था गोल का गिनीस वर्ल्ड रिकॉर्ड। पेले ने अपने करियर में 1363 मैच खेले (जिसमें अंतरराष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय दोस्ताना मैच और क्लब मैच शामिल थे) और इन सभी मैचों में मिलाकर उन्होंने रिकॉर्ड 1279 गोल किए जिस रिकॉर्ड के आस-पास भी कोई नहीं पहुंच सका है।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article