स्पोर्ट्स

दिखा मेसी 'मैजिक' और जूलियन का जौहर! Croatia को हरा FIFA के फाइनल में Argentina, छठी बार पाया 'मेन मुकाबले' का टिकट

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 14, 2022, 07:56 AM IST

Argentina vs Croatia, FIFA World Cup 2022, Semi-Final: दरअसल, इस बार के फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना और फाइनल के बीच क्रोएशिया के रूप में दीवार थी। मात्र 40 लाख की जनसंख्या वाले इस देश ने फुटबॉल की सबसे कड़ी टीम में से एक के रूप में प्रतिष्ठा बनाई और उसके पास खेल के सबसे शालीन खिलाड़ियों में से एक मोड्रिच थे।

Image

फुटबॉल विश्वकप के तहत 13 दिसंबर, 2022 को कतर में अर्जेंटीना और क्रोएशिया के बीच हुए सेमीफाइनल मैच में फैंस का अभिवादन स्वीकारते लियोनल मेस्सी। (AP)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Argentina vs Croatia, FIFA World Cup 2022, Semi-Final: फुटबॉल विश्व कप 2022 के सेमिफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने क्रोएशिया को 3-0 से हराया है। लियोनल मेस्सी की टीम ने इसी के साथ फाइनल में एंट्री पक्की की और छठी बार फीफा वर्ल्ड कप के मेन गेम का टिकट अपने नाम किया। मैच के दौरान लियोनल मेस्सी के खेल का मैजिक और जूलियन अल्वारेज का जौहर देखने को मिला। मेसी ने एक तो अल्वारेज ने दो गोल दागे थे।

कतर के लुसैल मैदान में 13 दिसंबर, 2022 (देर रात 12 बजकर 30 मिनट पर भारतीय समयानुसार) खेले गए इस मैच में मेस्सी ने विश्व कप जीतने का सपना पूरा करने की ओर आखिरी कदम रखा। उन्होंने एक पेनल्टी पर गोल किया, जबकि जूलियन के बाकी दो गोलों में सूत्रधार की भूमिका निभाई।

अर्जेंटीना का सामना अब रविवार को फ्रांस या मोरक्को से होगा। संभवत: आखिरी बार खेल रहे मेस्सी का यह दूसरा विश्व कप फाइनल होगा। साल 2014 में इससे पहले अर्जेंटीना को फाइनल में जर्मनी ने हरा दिया था।

लय फिलहाल मेस्सी के साथ है, जिन्होंने अर्जेंटीना को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वह टीम की अगुआई ठीक वैसे कर रहे हैं, जिस तरह डिएगो माराडोना ने 1986 में अर्जेंटीना के दूसरे और आखिरी विश्व कप खिताब के दौरान की थी।

FIFA Semifinal 2022 Stats

FIFA Semifinal 2022 Stats

अर्जेंटीना की जीत के साथ ही लुका मोड्रिच का विश्व कप जीतने का सपना संभवत: हमेशा के लिए टूट गया। मोड्रिच भले ही मौजूदा विश्व कप में गोल न दाग पाए हों और न ही किसी गोल को करने में मदद की हो, पर क्रोएशिया टीम में उनकी अहमियत कम करके नहीं आंका गई।

वैसे, इससे पहले फुटबॉल के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शरीक ब्राजील के नेमार और फिर पुर्तगाल में क्रिस्टियानो रोनाल्डो विश्व कप से आंसुओं के साथ विदाई ले चुके हैं और अब बारी मोड्रिच की थी। हालांकि, रोचक बात है कि अर्जेंटीना को 2014 जबकि क्रोएशिया को 2018 में फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article