स्पोर्ट्स

वर्ल्ड कप फाइनल में स्पेन के खिलाड़ी से धक्का-मुक्की पड़ा भारी, फीफा ने लगाया परेडेज पर 10 मैच का बैन

फीफा ने देर से ही सही पर वर्ल्ड कप फाइनल में हुए धक्का-मुक्की किए जाने वाले घटना पर कार्रवाई की है। इसके तहत फीफा ने परेडेज पर वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी सजा सुनाई है और उन पर फाइनल के अलावा 10 मैच का बैन लगाया गया है।

Image

फीफा वर्ल्ड कप मैच (साभार-X)

विश्व कप फाइनल में स्पेन से हार के बाद खिलाड़ियों से मारपीट करने पर फीफा ने अर्जेंटीना के तीन खिलाड़ियों पर कड़ी कार्रवाई की है जिसमें मिडफील्डर लियान्द्रो परेडेज को 10 मैच के लिए निलंबित किया गया है। परेडेज ने स्पेन के एरिक गार्सिया का गला पकड़ा था और गावी को जमीन पर गिरा दिया था। यह प्रतिबंध 2014 में उरुग्वे के लुइस सुआरेज पर लगाए गए प्रतिबंधों के साथ विश्व कप इतिहास की सबसे कड़ी सजा में शामिल है। डिफेंडर नाहुएल मोलिना पर सात मैच और थियागो अल्माडा पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है। परेडेज और मोलिना पर 90-90 हजार डॉलर, जबकि अल्माडा पर 30 हजार डॉलर का जुर्माना भी लगा है।

परेडेज पर लगा प्रतिबंध व्यावहारिक रूप से उन्हें करीब एक साल तक अर्जेंटीना टीम से बाहर रखेगा, क्योंकि जून 2027 तक टीम के कार्यक्रम में 10 मैच हैं।

स्पेन के गावी पर भी इंग्लैंड के खिलाफ 26 सितंबर को वेम्बले में होने वाले नेशंस लीग मुकाबले के लिए एक मैच का प्रतिबंध लगा है। अर्जेंटीना के कोच रॉबर्टो अयाला पर तीन मैच का प्रतिबंध और 30 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है।

फीफा ने अर्जेंटीना फुटबॉल संघ पर विश्व कप के दौरान हुई विभिन्न घटनाओं के लिए 1.10 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया है। इनमें इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल जीत के बाद फॉकलैंड द्वीपों से जुड़ा राजनीतिक बैनर और प्रशंसकों के भेदभावपूर्ण नारे शामिल हैं। संघ को नस्लवाद विरोधी परियोजनाओं पर एक लाख डॉलर खर्च करने का भी आदेश दिया गया है। अर्जेंटीना संघ ने संकेत दिया है कि वह इन फैसलों के खिलाफ फीफा की अपील समिति में जाएगा और जरूरत पड़ने पर खेल पंचाट (सीएएस) में भी अपील करेगा।

पिछले महीने न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में खेले गए फाइनल में मैदान पर हुई झड़पों को फीफा ने मारपीट के मामले के रूप में दर्ज किया। यह विवाद उस समय हुआ जब अर्जेंटीना को स्पेन के खिलाफ फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। मैच में स्पेन का दबदबा रहा और अर्जेंटीना गोल करने के मौके बनाने के लिए भी जूझता रहा। स्पेन के फॉरवर्ड फेरान टोरेस ने अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में मैच का एकमात्र गोल किया। इससे पहले अर्जेंटीना के मिडफील्डर एंजो फर्नांदेज को लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया था।

फीफा की अनुशासन समिति ने अर्जेंटीना को अपने अगले घरेलू मुकाबले में 50 प्रतिशत दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में खेलने का भी आदेश दिया है। फीफा ने एक अन्य स्टेडियम प्रतिबंध और एक लाख डॉलर के जुर्माने को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article