स्पोर्ट्स

गत चैंपियन नोवाक जोकोविच US Open से बाहर, कोको गॉफ अगले दौर में

US Open 2024: गत चैंपियन नोवाक जोकोविच भी चार सेट तक चले मुकाबले में हारकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गए लेकिन महिला वर्ग में मौजूदा चैंपियन कोको गॉफ अगले दौर में प्रवेश करने में सफल रही।

Image

नोवाक जोकोविच यूएस ओपन 2024 से बाहर (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • यूएस ओपन 2024
  • नोवाक जोकोविच यूएस ओपन से बाहर
  • कोको गॉफ अगले दौर में पहुंचीं

कार्लोस अल्कराज के बाहर होने के एक दिन बाद गत चैंपियन नोवाक जोकोविच भी चार सेट तक चले मुकाबले में हारकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गए लेकिन महिला वर्ग में मौजूदा चैंपियन कोको गॉफ अगले दौर में प्रवेश करने में सफल रही। अपना 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने की कवायद में लगे जोकोविच को ऑस्ट्रेलिया के 28वीं वरीयता प्राप्त एलेक्सी पोपिरिन ने 6-4, 6-4, 2-6, 6-4 से हराया।

जोकोविच ने मैच के बाद कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो यह मेरा अभी तक का सबसे खराब प्रदर्शन है। यह मैच मेरे लिए किसी दुस्वप्न की तरह था। मैं अपने सर्वश्रेष्ठ के करीब भी नहीं खेल पाया।’’ यह 2017 के बाद पहला अवसर है जबकि दूसरी वरीयता प्राप्त जोकोविच साल में एक भी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट नहीं जीत पाए। इससे पहले 2010 में भी ऐसा हुआ था।

यही नहीं यह 2002 के बाद पहला अवसर है जबकि टेनिस के तीन दिग्गज खिलाड़ी जोकोविच, राफेल नडाल और रोजर फेडरर में से किसी ने भी किसी एक साल में ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी हासिल नहीं की। जोकोविच इससे पहले 2005 और 2006 में अमेरिकी ओपन के तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए थे। यह 37 वर्षीय खिलाड़ी 2011, 2015, 2018 और 2023 में यहां चैंपियन बना था।

पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले जोकोविच ने 14 बार डबल फॉल्ट किया और वह मैच के दौरान थके हुए नजर आ रहे थे। ऑस्ट्रेलिया के 25 वर्षीय पोपिरिन की जोकोविच के खिलाफ यह पहली जीत है। अब उनका मुकाबला अमेरिका के 20वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसिस टियाफो से होगा जिन्होंने हमवतन बेन शेन्टन को 4-6, 7-5, 6-7 (5), 6-4, 6-3 से पराजित किया।

महिला वर्ग में पिछली चैंपियन और तीसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ पहला सेट गंवाने के बावजूद आगे बढ़ने में सफल रही। अमेरिका की इस खिलाड़ी ने 27वीं वरीयता प्राप्त एलिना स्वितोलिना को 3-6, 6-3, 6-3 से हराकर अपने खिताब का बचाव करने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।

उनका अगला मुकाबला एम्मा नवारो से होगा जिन्होंने तीन सेट तक चले मैच में जीत दर्ज करके अगले दौर में जगह सुरक्षित की। इस 13वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने 19वीं वरीय मार्टा कोस्ट्युक पर 6-4, 4-6, 6-3 से जीत दर्ज की।

महिला वर्ग में ही आर्यना सबालेंका ने पहला सेट हारने के बाद अच्छी वापसी की और 29वीं वरीयता प्राप्त एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा को 2-6, 6-1, 6-2 से हराकर चौथे दौर में जगह बनाई।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article