स्पोर्ट्स

भारत के लिए सरप्राइज पैकेज था कॉमनवेल्थ गेम्स, 39 पदकों के साथ किया उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारत ने कुल 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य जीते। इस बार CWG में सिर्फ 10 खेल रखे गए थे। कुश्ती, निशानेबाजी, बैडमिंटन और हॉकी जैसे भारत के मजबूत खेल बाहर थे।

Image

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन (फोटो साभार- Glasgow2026)

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 भारत के लिए सरप्राइज पैकेज बनकर आया। जिन खेलों में भारत का दबदबा रहा है वो इस बार शेड्यूल में थे ही नहीं, बावजूद इसके 122 सदस्यीय भारतीय दल ने 39 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। इस बार CWG में सिर्फ 10 खेल रखे गए थे। कुश्ती, निशानेबाजी, बैडमिंटन और हॉकी जैसे भारत के मजबूत खेल बाहर थे। टूर्नामेंट से पहले लग रहा था कि टॉप-5 में पहुंचना भी मुश्किल होगा। लेकिन खिलाड़ियों ने सबको गलत साबित कर दिया।

भारत ने हासिल किया चौथा स्थान

भारत ने कुल 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य जीते। इस सफलता के पीछे सबसे बड़ा हाथ था भारतीय मुक्केबाजों का। उन्होंने CWG में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 7 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते। महिला बॉक्सरों ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए गोल्ड दिलाए, तो पुरुषों ने भी दमदार वापसी की। हां, यूरोप और एशिया के कई बड़े देश नहीं थे, इसलिए मुकाबला ओलंपिक जैसा कठिन नहीं था, पर भारत ने मिले मौके को दोनों हाथों से भुनाया।

भारत के लिए गेमचेंजर रहा जूडो

जूडो भी इस बार भारत के लिए गेम चेंजर रहा। लंबे समय से उपेक्षित इस खेल में भारत का ये सबसे अच्छा CWG रहा। पिता के निधन के कुछ महीने बाद अस्मिता डे का गोल्ड और हर्ष सिंह का खिताब बताता है कि जूडो में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। पैरा एथलीटों ने भी निराश नहीं किया। पावरलिफ्टिंग से लेकर एथलेटिक्स तक, उन्होंने कई पदक जीतकर साबित किया कि पैरालंपिक में मिली सफलता कोई इत्तेफाक नहीं थी। एथलेटिक्स का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। चोट से लौटे नीरज चोपड़ा को रजत से संतोष करना पड़ा। लेकिन तेजस्विन शंकर ने घुटने की चोट के बाद डेकाथलॉन में पदक जीता। गुलवीर सिंह दो पदक के साथ भारत के सबसे सफल ट्रैक एथलीट बने। लंबी गैप के बाद मुरली श्रीशंकर ने भी रजत जीता।

वेटलिफ्टिंग में मिला सिर्फ एक गोल्ड

भारोत्तोलन में गिरावट दिखी। बर्मिंघम में 10 पदक और 3 गोल्ड के मुकाबले इस बार सिर्फ 8 पदक मिले, जिसमें मीराबाई चानू का एकमात्र गोल्ड था। लॉन बाउल्स, साइकिलिंग और तैराकी में उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं आए।सबसे बड़ी बात ये कि भारत अब सिर्फ 2-3 खेलों पर निर्भर नहीं है। 2030 में भारत CWG की मेजबानी करेगा, जब खेलों के 100 साल पूरे होंगे। ग्लास्गो का ये प्रदर्शन मेजबान के तौर पर भारत के लिए बड़ा पॉजिटिव साइन है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article