क्रिकेट

Yuzvendra Chahal One-Day Cup: टीम इंडिया ने ठुकराया तो अंग्रेजों ने अपनाया! अब 7 पारियों में चटका दिए 15 विकेट

युजवेंद्र चहल वनडे कप में अभी तक 7 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान कुल 69 ओवर की गेंदबाजी की है। इस दौरान उनका औसत 21.00 और इकॉनमी 4.57 है। वह इस सीजन वनडे कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले ओवरसीज प्लेयर्स और कुल तीसरे गेंदबाज हैं।

Image

युजवेंद्र चहल ने वनडे-कप में की घातक गेंदबाजी।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेट में कुछ सवाल ऐसे होते हैं, जिनका जवाब आंकड़े बड़ी बेबाकी से देते हैं। युजवेंद्र चहल इन दिनों इंग्लैंड में गेंद से शायद ऐसा ही एक जवाब लिख रहे हैं। फर्क बस इतना है कि इस जवाब को पढ़ने के लिए टीम इंडिया के चयनकर्ताओं को शायद चयन बैठक की फाइलों से थोड़ा बाहर निकलना पड़ेगा। क्योंकि, चहल ने चयनकर्ताओं को अपने प्रदर्शन से आइना दिखा दिया है।

इंग्लैंड के 2026 वनडे कप में नॉर्थम्पटनशायर के लिए खेल रहे चहल ने अब तक सात मुकाबलों में 15 विकेट झटक लिए हैं। यानी हर मैच में औसतन दो से ज्यादा विकेट। शुरुआत वॉरविकशायर के खिलाफ 52 रन देकर दो विकेट चटकाए। फिर केंट के खिलाफ 49 रन देकर दो विकेट, सरे के खिलाफ 35 रन एक विकेट और लीसेस्टरशायर के खिलाफ 28 रन देकर एक विकेट का दमदार प्रदर्शन किया।

7 मैच में चटकाए हैं 15 विकेट

इसके बाद लंकाशायर के खिलाफ चहल ने 4/60 का शानदार स्पेल डाला। नॉटिंघमशायर के खिलाफ 2/56 और समरसेट के खिलाफ 3/35 ने उनके आंकड़े को और मजबूत कर दिया। इन आंकड़ों को देखकर क्रिकेट फैंस का मानना है कि चहल को टीम इंडिया में जगह मिलनी चाहिए, पर ऐसा नहीं है। भारत की वनडे योजनाओं में चहल का नाम नहीं है। जनवरी में न्यूजीलैंड और जून में अफगानिस्तान, फिर जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीमों में चयनकर्ताओं ने दूसरे स्पिन विकल्पों पर भरोसा किया। चहल पर नहीं।

5 से भी कम की इकॉनमी

युजवेंद्र चहल वनडे कप में अभी तक 7 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान कुल 69 ओवर की गेंदबाजी की है। इस दौरान उनका औसत 21.00 और इकॉनमी 4.57 है। वह इस सीजन वनडे कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले ओवरसीज प्लेयर्स और कुल तीसरे गेंदबाज हैं।

टीम इंडिया में वापसी का इंतजार

स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने आखिरी बार टीम इंडिया के लिए 13 अगस्त 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉडरहिल में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। इसके बाद उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2024 की भारतीय टीम में जगह मिली, लेकिन उन्हें एक भी मुकाबला खेलने को नहीं मिला। चहल ने 72 वनडे मैच में 121 विकेट और 80 टी20I मैच में 96 विकेट चटकाए हैं। फिलहाल वह टीम इंडिया में वापसी करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article