क्रिकेट

SL vs IND: आउट होने के बाद असिथा फर्नांडो से भिड़े यशस्वी जायसवाल, बीच मैदान हुई धक्का-मुक्की- VIDEO

Yashsvi Jaiswal Fight With Asitha Fernando Video: दूसरे टेस्ट मैच के पहले सत्र में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की भिड़ंत श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो से हो गई। बीच मैदान दोनों खिलाड़ियों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Image

जायसवाल और असिथा के बीच लड़ाई। फोटो- सोशल मीडिया

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Yashsvi Jaiswal Fight With Asitha Fernando Video: भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो बीच मैदान भिड़ गए। कोलंबो में टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच के पहले दिन असिथा ने यशस्वी को क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद उत्साह में फर्नांडों ने कुछ कहा जो जायसवाल को पसंद नहीं आया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

यह सब भारतीय पारी के 17वें की आखिरी ओवर पर घटा। असिथा फर्नांडों 17वां ओवर किया। इस ओवर में यशस्वी जायसवाल ने टी20 के अंदाज में तीन शानदार चौके लगाए। यशस्वी अच्छी बैटिंग कर रहे थे और फिफ्टी की तरफ बढ़ रहे थे। इसके बाद असिथा ने राउंड द विकेट से अंदर आती गेंद की। गेंद यशस्वी जायसवाल के बल्ले पर टकराने के बाद विकेट से जा लगी।

धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

इसके बाद दाएं हाथ के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो विकेट लेने के बाद जश्न मनाने लगे। यशस्वी पवेलियन की तरफ जा रहे थे, लेकिन असिथा ने कोई कमेंट कर दिया। कमेंट सुनने के बाद वह वापस असिथा के पास पहुंच गए। दोनों आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे को धक्का मारने की भी कोशिश की। हालांकि, श्रीलंका के कप्तान और अन्य खिलाड़ियों ने दोनों को अलग कराया।

खेली 45 रन की पारी

यशस्वी जायसवाल ने आउट होने से पहले 45 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 53 गेंदों का सामना किया और 9 चौके मारे। उन्होंने ऑफ स्टंप की बार की गेंद को छोड़ा, लेकिन अंदर आती गेंद पर आउट हो गए। पहले टेस्ट मैच में उनका बल्ला नहीं चला था। वह पहली पारी में रन आउट हुए थे। दूसरी पारी में वह खाता नहीं खोल पाए थे। इसके चलते उन पर अच्छा करने का दबाव है।

भारत ने जीता टॉस

दो मैचों की सीरीज के पहले मैच को भारत ने 165 रनों से जीता था। कोलंबो में दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव हुआ। इन्फेक्शन की वजह से कुलदीप यादव नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह सारांश जैन को डेब्यू का मौका मिला।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article