क्रिकेट

IND vs WI: दोहरे शतक से चूके यशस्वी जायसवाल, रन आउट होकर लौटे पवेलियन

IND vs WI: दिल्ली टेस्ट के पहले दिन जिस तरह की बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने की, उसको देखते हुए फैंस को उम्मीद थी कि वह दूसरे दिन 300 रन का जादूई आंकड़ा छू सकते हैं, लेकिन ऐसा हुआ नहीं और वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे।

Image

यशस्वी जायसवाल (साभार-BCCI)

IND vs WI: भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल वेस्टइंडीज के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में दोहरा शतक चूक गए। मुकाबले के दूसरे दिन पहले सेशन के खेल में जायसवाल रन आउट आउट होकर पवेलियन लौटे। 92वें ओवर की दूसरी गेंद पर जायसवाल ने जायडेन सील्स की फुल लेंथ गेंद को मिड-ऑफ की ओर मजबूती से ड्राइव किया। जायसवाल ने रन चुराने की कोशिश में तुरंत दौड़ लगानी शुरू कर दी, लेकिन इसमें गिल को कोई दिलचस्पी नहीं थी।

जायसवाल तब तक काफी आगे निकल गए थे, उन्होंने वापस क्रीज पर लौटने की कोशिश की, लेकिन बहुत देर हो चुकी थी। थ्रो कीपर के छोर पर आया और तेविन इमलाच ने स्टंप्स बिखेर दिए। रन आउट होने के बाद जायसवाल दूसरे छोर पर मौजूद कप्तान से कुछ हद तक खफा भी नजर आए। जायसवाल 258 गेंदों में 22 चौकों के साथ 175 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वह भारत के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर पर रन-आउट होने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन गए।

इस अनचाही लिस्ट में संजय मांजरेकर शीर्ष पर हैं, जो साल 1989 में पाकिस्तान के विरुद्ध लाहौर के मैदान पर 218 के स्कोर पर रन आउट हुए थे। वहीं, द ओवल में साल 2002 में इंग्लैंड के विरुद्ध 217 के स्कोर पर रन आउट होने वाले राहुल द्रविड़ इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। राहुल ही इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर भी हैं, जो साल 2001 में कोलकाता टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 180 रन पर इस तरह आउट हो चुके हैं।

अगर यशस्वी जायसवाल इस मैच में दोहरा शतक जड़ते, तो यह उनके करियर का तीसरा दोहरा शतक होता। जायसवाल फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में 209 रन की पारी खेल चुके हैं। इसके अगले ही मैच में जायसवाल ने राजकोट में इंग्लैंड के विरुद्ध नाबाद 214 रन बनाए थे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन 108 ओवरों के खेल तक भारत ने 3 विकेट खोकर 416 रन बना लिए हैं। जायसवाल के अलावा, केएल राहुल 38, जबकि साई सुदर्शन 87 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान शुभमन गिल 71 और नितीश रेड्डी 43 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। विपक्षी टीम की ओर से जोमेल वारिकन ने 2 विकेट हासिल किए हैं। भारत 2 मुकाबलों की इस सीरीज का पहला मैच पारी और 140 रन से अपने नाम कर चुका है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article