अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली के अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके इस स्टाइलिश दाएं हाथ के बल्लेबाज की नजर 2027 वनडे विश्व कप पर है। हालांकि, हैमस्ट्रिंग के चलते उन्हें वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ा है। विराट के रिप्लेसमेंट का भी ऐलान हो चुका है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच हुए आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई, जिसके चलते वे अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहेंगे। शनिवार को बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने घोषणा की कि युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को कोहली के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।
बीसीसीआई ने किया ऐलान
यह घोषणा आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीमों की घोषणा के साथ की गई। जायसवाल फिलहाल मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। कुछ रिपोर्ट के अनुसार, कोहली अपनी चोट से पूरी तरह उबरने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर रह सकते हैं।
पीटीआई से बात करते हुए बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट आई है। इस चोट के लिए सर्जरी की आवश्यकता नहीं होगी। ठीक होने में लगभग छह सप्ताह का समय लगेगा, जिसमें बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास भी शामिल है। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में कार्यरत प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनशॉ परदीवाला से टेली-कंसल्टेशन किया, जिन्होंने उनके एमआरआई स्कैन की समीक्षा की।
यशस्वी के पास मौका
विराट के वनडे सीरीज से बाहर होने चलते उनके फैंस मायूस हो गए। वहीं, यशस्वी जायसवाल को खुद को साबित करने का एक सुनहरा मौका मिला है। क्योंकि इससे पहले वह वनडे टीम का हिस्सा तो होते थे लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल पाता था।
