आईपीएल 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। पाटीदार एंड कंपनी ने 18 अंकों के साथ टॉप पर फिनिश किया था और अब मंगलवार को क्वालीफायर-1 में उसका सामना गुजरात टाइटंस से होने वाला है, लेकिन इस मुकाबले से ठीक पहले आरसीबी के तेज गेंदबाज यश दयाल का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दयाल अपने आईपीएल 2026 में ना खेलने के कारणों पर बात कर रहे हैं।
मैं नहीं बात करना चाहता, बोले यश दयाल
इस पूरे मसले पर बोलते हुए यश दयाल ने कहा कि आरसीबी ने मुझे निकाला नहीं। मैनेजमेंट ने मुझे रिटेन भी किया था और ना ही मेरे रिप्लेसमेंट का ऐलान किया। हालांकि, दयाल ने कहा, इस सीजन ना खेलने का फैसला मेरा नहीं था। उन्होंने कहा 'ये मेरा पर्सनल डिसिजन नहीं था। स्टेटमेंट कांट्रोवर्सियल हो जाएगा। डिसिजन हमेशा ऑथॉरिटी लेती है। मुझे नहीं पता आरसीबी ने किस कारण, क्या था, क्या नहीं। मैं इस टॉपिक पर नहीं बात करना चाहता। मैं टीम को बहुत ज्यादा मिस करता हूं। टीम मिस करती है कि नहीं ये तो फैंस बताएंगे। लगता है मुझे वहां पर होना चाहिए।
क्यों नहीं मिली थी टीम में जगह
पिछले साल जयपुर में यश दयाल के खिलाफ एक युवती ने रेप का केस दर्ज करवाया था। युवती की शिकायत के बाद यश के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यश दयाल की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। इसके बाद आरसीबी ने उनसे पल्ला झाड़ लिया था। आरसीबी ने ऑक्शन से पहले यश दयाल को 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। हालांकि, टीम के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई। बाद में टीम बस से अचानक उनकी फोटो हटा दी गई और आरसीबी की ओर से एक बयान जारी कर दिया गया था कि वह स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। इससे पहले उन्हें पिछले साल यूपी टी20 लीग में भाग लेने की अनुमति भी नहीं दी गई थी, जहां गोरखपुर लायंस ने उन्हें 7 लाख रुपये में साइन किया था।
IPL 2025 में टीम का हिस्सा थे दयाल
आईपीएल 2025 में जब आरसीबी ने 17 साल के इंतजार के बाद ट्रॉफी उठाई तो दयाल टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 15 मैच में 13 विकेट चटकाए थे। 43 आईपीएल मैच खेलने वाले दयाल के नाम 41 विकेट हैं। रिंकू ने 2024 में उनके एक ओवर में 5 छक्के जड़े थे, तब उनकी गेंदबाजी की खूब चर्चा हुई थी। उस वक्त भी आरसीबी ने उनका खूब साथ दिया और टीम में शामिल किया।
