वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 164 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 44 और अजिंक्य रहाणे 20 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए आखिरी दिन 280 रन की दरकार है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी 8 विकेट के नुकसान पर 270 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी और भारत के सामने 444 रन का लक्ष्य रखा था।
इससे पहले चौथे दिन की शुरुआत टीम इंडिया ने शानदार तरीके से की और जल्द ही मार्नस लाबुशेन का विकेट हासिल कर लिया। वह कल के स्कोर पर बिना कोई रन जोड़े 41 रन पर आउट गए। उमेश यादव की गेंद पर उनका कैच चेतेश्वर पुजारा ने पकड़ा। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 270 रन बनाकर पारी घोषित कर दी है। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सर्वाधिक रन एलेक्स कैरी ने बनाए। उन्होंने नाबाद 66 रन की पारी खेली।
भारत की दूसरी पारी
444 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने तेज शुरुआत की। रोहित और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े, लेकिन 19 गेंद पर 18 रन बनाकर गिल बोलैंड की गेंद पर ग्रीन के हाथो कैच आउट हो गए। दूसरे विकेट के लिए पुजारा और रोहित ने 51 रन की साझेदारी की, लेकिन नाथन लियोन ने रोहित शर्मा को 43 रन के निजी स्कोर पर आउट कर टीम इंडिया को बड़ा झटका दिया। अगले ही ओवर में कमिंस ने चेतेश्वर पुजारा को भी आउट कर दिया। उन्होंने 47 गेंद पर 27 रन बनाए। लेकिन चौथे दिन का खेल खत्म होने तक रहाणे और कोहली डटे हुए हैं। दोनों चौथे विकेट के लिए 118 गेंद पर 71 रन जोड़ चुके हैं।
चौथे दिन का खेल
चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 123 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन जल्द ही उमेश यादव ने मार्नस लाबुशेन को आउट कर टीम इंडिया को चौथे दिन की पहली सफलता दिली दी। लाबुशेन कल के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर पाए और केवल 41 रन बनाकर आउट हो गए। ग्रीन और कैरी ने छठे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। ग्रीन 25 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर बोल्ड हुए, लेकिन स्टार्क और एलेक्स कैरी ने 7वें विकेट के लिए 93 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया की स्थिति और भी मजबूत कर दी। स्टार्क 41 रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार बने। इसके बाद जल्द मोहम्मद शमी ने पैट कमिंस को 5 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 270 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
इससे पहले तीसरे दिन की शुरुआत में भारत को केएस भरत के रुप में जरूर जल्दी एक बड़ा झटका लगा, लेकिन शार्दुल ठाकुर और अजिंक्य रहाणे ने 7वें विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी कर भारत को 296 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। रहाणे ने 89 और शार्दुल ठाकुर ने 51 रन की पारी खेली। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी के आधार पर 173 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सर्वाधिक 3 विकेट पैट कमिंस ने झटके, जबकि मिचेल स्टार्क, स्कॉट बोलैंड और कैमरन ग्रीन ने 2-2 विकेट चटकाए।
