क्रिकेट

WPL Auction 2023: अपने बल्ले के दम पर भारत को अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाली खिलाड़ी बनी लखपति

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 13, 2023, 06:20 PM IST

महिला टी20 विश्व कप 2023 में टीम इंडिया को विश्व चैंपियन बनाने में बल्ले से अहम भूमिका निभाने वाली दिल्ली की 18 साल की खिलाड़ी विमेंस प्रीमियर लीग की नीलामी में लखपति बन गई है। उन्हें बेस प्राइज से 4 गुना अधिक कीमत मिली है।

Image

श्वेता सेहरावत

Photo : Twitter

मुंबई: भारत को अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली दिल्ली की 18 वर्षीय बल्लेबाज श्वेता सेहरावत को यूपी वॉरियर्स ने 40 लाख रुपये खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया है। 10 लाख रुपये के बेस प्राइज वाली श्वेता को अपनी टीम में शामिल करने के लिए दिल्ली वॉरियर्स और यूपी वॉरियर्स के बीच भिड़ंत हुई। अंत में बाजी यूपी वॉरियर्स के हाथ लगी जिन्होंने श्वेता को अपने दल में शामिल करने के लिए चार गुनी कीमत अदा की।

अंडर-19 विश्व कप में बनाए सबसे ज्यादा रन

सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलने वाली श्वेता दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंडर-19 विश्व कप में सबसे सफल बल्लेबाज रही थीं। उन्होंने 7 मैच की 7 पारियों में 4 बार नाबाद रहते हुए 99 के औसत और 139.43 के स्ट्राइक रेट से 297 रन बनाए थे। उन्होंने टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 92* रन था ये पारी उन्होंने मेजबान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली थी।

ऐसे हुई क्रिकेट खेलने की शुरुआत

श्वेता का जन्म 26 फरवरी 2004 को दिल्ली में हुआ था। बचपन से ही उन्हें क्रिकेट खेलने का शौक रहा है। बड़ी बहन स्वाति के साथ क्रिकेट अकादमी में जाने वाली श्वेता के मन में बचपन में ही क्रिकेट खेलने की ललक जग गई। श्वेता के परिवार ने उनका साथ देते हुए दिल्ली के वसंत कुञ्ज में क्रिकेट अकेडमी ज्वाइन करा दी। इस अकादमी में उस दौरान केवल दो लड़कियां खेलती थीं बाकी सारे लड़के थे। शुरुआती चार साल इस अकादमी में श्वेता ने लड़को के साथ खेल कर आक्रामक बल्लेबाजी करना सीखी।

12 की उम्र में दिल्ली की टॉप 30 खिलाड़ियों में चुनी गईं

श्वेता ने पहली बार दिल्ली की सीनियर टीम के लिए ट्रायल दिया था तब उनकी उम्र महज 12 साल थी। अपने बेहतरीन बल्लेबाजी कौशल की वजह से उन्हें दिल्ली की 30 खिलाड़ियों में शामिल कर लिया गया। उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और सफलता की सीढ़ियां चढ़ती गईं। साल 2017 में उन्होंने दिल्ली के लिए लिस्ट ए डेब्यू किया और अंडर-19 टी20 विश्व कप में अपने बल्ले का जौहर दिखाकर वो 18 साल की उम्र में ही विश्व विख्यात हो चुकी हैं।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article