क्रिकेट

WPL 2026 Mega Auction : आज होगी विमेंस प्रीमियर लीग के लिए प्लेयर्स की नीलामी, वर्ल्ड चैंपियन भारतीय खिलाड़ियों की हो सकती है चांदी

विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के आगाज से पहले गुरुवार को होने वाले मेगा ऑक्शन में खिलाड़ियों को भविष्य का फैसला होगा। सभी टीमों में 73 स्थान भरे जाने हैं जिसमें 50 भारतीय और 23 विदेशी खिलाड़ी होंगे।

Image

विमेंस प्रीमियर लीग मेगा ऑक्शन (फोटो क्रेडिट WPL)

नई दिल्ली: भारत की विश्व कप विजेता स्टार दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़ और श्री चरणी को गुरुवार को होने वाली महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की पहली मेगा नीलामी में मोटी धनराशि मिलने की उम्मीद है, जबकि विदेशी दिग्गज लॉरा वोलवार्ट और सोफी एक्लेस्टोन पर भी बड़ी बोली लगने की संभावना है। कुल 277 खिलाड़ी (194 भारतीय और 83 विदेशी) पहली बार होने वाली इस मेगा नीलामी का हिस्सा होंगे।

सभी टीमें भरेंगी 50 भारतीय सहित 73 स्थान

पांच टीमें अधिकतम 73 स्थानों को भरने की कोशिश करेंगी, जिनमें 50 भारतीय और 23 विदेशी खिलाड़ी शामिल होंगे। कम से कम 15 और अधिकतम 18 खिलाड़ी टीम में शामिल किए जा सकते हैं। मार्की खिलाड़ियों में भारत की दीप्ति और तेज गेंदबाज रेणुका सिंह, न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और अमेलिया केर, इंग्लैंड की प्रमुख स्पिनर एक्लेस्टोन, ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और मेग लैनिंग तथा दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोलवार्ट शामिल हैं।

विश्व चैंपियन टीम इंडिया की प्लेयर्स को होगी भारी मांग

वनडे विश्व कप जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों की भारी मांग होगी। टूर्नामेंट की प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट दीप्ति शर्मा पर अच्छी बोली लगने की संभावना है। उन्हें विश्व कप फाइनल के तुरंत बाद यूपी वॉरियर्स ने रिलीज़ कर दिया था। क्रांति और चरणी जैसी युवा खिलाड़ियों पर बड़ी बोली लगने की संभावना है। इनके अलावा पहले तीन सत्र में गुजरात जायंट्स के लिए खेल चुकी बल्लेबाज हरलीन देओल और ऑलराउंडर स्नेह राणा भी दौड़ में हैं। विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने वाली वोलवार्ट और नादिन डी क्लार्क, फीबी लिचफील्ड और अलाना किंग के साथ-साथ पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान लैनिंग जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी आकर्षक सौदे मिलने की उम्मीद है।

यूपी वॉरियर्स के पर्स में है सबसे ज्यादा राशि

सिर्फ एक खिलाड़ी को रिटेन करने के बाद यूपी वॉरियर्स के पास नीलामी में सबसे अधिक राशि (14.5 करोड़ रुपए) है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के पास सबसे कम राशि (5.70 करोड़) है। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के पास कोई राइट टू मैच विकल्प उपलब्ध नहीं होगा। एसोसिएट देशों की चार खिलाड़ी तीर्था सतीश और ईशा ओज़ा (दोनों यूएई), तारा नॉरिस (अमेरिका) और थिपाचा पुथावोंग (थाईलैंड) भी नीलामी सूची में शामिल हैं। टूर्नामेंट सात जनवरी से शुरू होने की उम्मीद है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article