क्रिकेट

World Cup 2023, PAK vs SA Pitch Report, Weather: पाकिस्तान-दक्षिण अफ्रीका मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां पर जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Oct 27, 2023, 01:08 PM IST

World Cup 2023 Match 26, PAK vs SA Pitch Report MA Chidambaram stadium and Chennai weather forecast Today: आज (27 October 2023) आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 में पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच अहम मुकाबला खेला जाना है। ये मैच चेन्नई में होगा। आइए जानते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज कैसा रहेगा चेन्नई का मौसम।

Image

पाकिस्तान-दक्षिण अफ्रीका पिच रिपोर्ट

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 - मैच 26
  • पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका का होगा मुकाबला
  • चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में मैच

World Cup 2023, PAK (Pakistan) vs SA (South Africa) ODI Pitch Report MA Chidambaram Stadium, Chennai Weather Forecast Today: वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में आज 26वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की टक्कर होगी दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम से। ये मुकाबला पाकिस्तान के लिए करो या मरो का मुकाबला होगा क्योंकि सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए उन्हें अपने बाकी सभी चार मुकाबले जीतने हैं। दक्षिण अफ्रीकी टीम इस समय पूरे लय में है और अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है जबकि पाकिस्तानी टीम छठे पायदान पर खिसक गई है। ऐसे में पाकिस्तान के लिए राह आसान नहीं होने वाली। आज का मुकाबला चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम (चेपक) में खेला जाएगा।

पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 82 वनडे मैच खेले जा चुके हैं। इनमें दक्षिण अफ्रीका ने 51 मुकाबले जीते हैं जबकि पाकिस्तान ने 30 मैच अपने नाम किए हैं। एक मैच बेनतीजा रहा था। वहीं अगर वनडे विश्व कप इतिहास में इन दोनों टीमों की टक्कर के आंकड़े देखें तो अब तक इस सबसे बड़े टूर्नामेंट में ये 5 बार आमने-सामने आ चुके हैं। इन पांच मैचों में तीन मुकाबले दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं जबकि दो मुकाबले पाकिस्तान ने जीते। चार बार न्यूट्रल वेन्यू पर विश्व कप में इनकी भिड़ंत हुई है जिसमें दोनों को 2-2 जीत हासिल हुईं। मौजूदा विश्व कप में अब तक दक्षिण अफ्रीका ने 5 मैचों में 4 मैच जीते हैं। वहीं पाकिस्तान ने अपने 5 मैचों में सिर्फ 2 में जीत हासिल की है। अब आपको बताते हैं कि आज के मुकाबले में कैसी होगी पिच रिपोर्ट और चेन्नई के मौसम की स्थिति।

पाकिस्तान-दक्षिण अफ्रीका मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (PAK vs SA Pitch Report)

आज का मुकाबला पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना है। इस विश्व कप में ये इस मैदान का पांचवां और आखिरी मुकाबला होगा। अब तक यहां जो चार मुकाबले खेले गए हैं उसमें कुछ ही मैचों में रनों की बारिश हुई है। वजह है स्पिन ट्रैक। यहां की पिच पर हमेशा से स्पिनर्स का बोलबाला रहा है और आज का मैच भी इससे जुदा होने की उम्मीद नहीं है। पिछले ही मैच को देख लें तो अफगानिस्तानी स्पिनर्स का जादू यहां ऐसा चला कि उन्होंने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर उलटफेर कर दिया था। दोनों टीमों के पास एक से एक बल्लेबाज मौजूद हैं और खासतौर पर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज जो इस समय हर मैदान पर रनों की बारिश करने में जुटे हैं, लेकिन अगर चेन्नई की पिच पर आपको जीत हासिल करनी है तो उसके लिए आपको आपके सर्वश्रेष्ठ स्पिनर्स के साथ ही मैदान पर उतरना होगा।

आज कैसा होगा चेन्नई का मौसम? (Chennai Weather Today)

देश के उत्तरी राज्यों में तो सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है लेकिन आज का मुकाबला चेन्नई में है जहां इस समय भी सूरज की तपिश खिलाड़ियों को सहन करनी होगी। मुकाबला दोपहर 2 बजे से शुरू होना है। बारिश की बात करें तो 5 फीसदी अनुमान है कि कुछ बौछारें हो सकती हैं लेकिन अगर ऐसा कुछ होता भी है तो इसका मैच पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। दिन में धूप भी खिली रहेगी और बादलों की आवाजाही भी जारी रहेगी। सबसे अहम होगी उमस जो यहां बाकी मैदानों के मुकाबले सबसे ज्यादा होती है और आज का अनुमान भी अलग नहीं है। ऐसे में बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है जब उन्हें लक्ष्य का बचाव करना होगा। तापमान की बात करें तो आज चेन्नई में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।

पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका की टीमें

पाकिस्तान क्रिकेट टीम: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान, फखर जमां, इमाम उल -हक, अब्दुल्ला शफीक, मोहम्मद रिजवान, सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, हारिस राऊफ, हसन अली, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद वसीम, सलमान अली आगा, मोहम्मद नवाज और उसामा मीर।

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डिकॉक, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एंडिले फेहलुकवायो, कागिसो रबादा, तबरेज शम्सी, रेस वान डेर डुसेन , लिजाद विलियम्स, रीजी हेंड्रिक्स, मार्को जेनसन और केशव महाराज।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article