बेलफास्ट: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद आयरलैंड जैसी कमजोर टीम के खिलाफ दो मैच की सीरीज में 0-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। बेलफास्ट के सिविल सर्विसेज ग्राउंड में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम को 32 रन के अंतर से हार मिली थी। वहीं दूसरे मुकाबले में एक रन के अंतर से टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
11वें नंबर की टीम के आगे टेके घुटने
आईसीसी रैंकिंग में 11 वें पायदान पर काबिज आयरलैंड ने दुनिया की नंबर-1 और मौजूदा टी20 वर्ल्ड चैंपियन टीम को अपने घर पर पटखनी देकर इतिहास रच दिया इसी के साथ पहली बार टीम इंडिया की कमान संभालने वाले श्रेयस अय्यर के दामन पर बदनुमा दाग लग गया। भारतीय टीम को आयरलैंड की ऐसी टीम के खिलाफ हार मिली है एक भी खिलाड़ी आईसीसी की टॉप-10 रैंकिंग में नहीं है। यहां तक कि टीम का कोई गेंदबाज टॉप 25 में और कोई बल्लेबाज टॉप-50 में नहीं है। ऐसी टीम के खिलाफ टीम इंडिया ने घुटने टेक दिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Ben Stokes: 35 साल की उम्र में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने क्रिकेट को कहा अलविदा
1050 दिन बाद गंवाई टी20 सीरीज
टीम इंडिया को तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम ने एक भी सीरीज में हार का सामना नहीं करना पड़ा था। तीन साल (1,050) दिन लंबे अंतराल के बाद भारतीय टीम ने किसी भी टीम के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाई। लगातार 16 सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया का आयरलैंड के खिलाफ 0-2 सूपड़ा साफ हो गया। भारतीय टीम इससे पहले आखिरी बार टी20 सीरीज में हार साल 2023 में मिली थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ उसके घर पर खेली पांच मैच की सीरीज में भारतीय टीम को 2-3 के अंतर से मात दी थी। उस सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी हार्दिक पांड्या ने संभाली थी। दो टी20 सीरीज गंवाने के बीच भारतीय टीम दो बार वर्ल्ड चैंपियन बनी।
पांच साल में सीरीज गंवाने वाले तीसरे कप्तान
पिछले पांच साल में टी20 सीरीज गंवाने वाले श्रेयस अय्यर तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। साल 2021 में भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ शिखर धवन की कप्तानी में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद साल 2023 में हार्दिक की कप्तानी में भारतीय टीम को वेस्टइंडीज दौरे पर टी20 सीरीज में हार मिली थी। अब इस सूची में श्रेयस अय्यर का नाम भी दर्ज हो गया है।
