क्रिकेट

Women's U19 T20 World Cup 2025: इंग्लैंड को पटखनी देकर फाइनल में पहुंचा भारत, दक्षिण अफ्रीका से होगी खिताबी भिड़ंत

डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने इंग्लैंड को 9 विकेट के अंतर से मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम इंडिया की खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत होगी।

Image

भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम(साभार BCCI Women)

कुआलालंपुर:स्पिनरों के उम्दा प्रदर्शन के बाद जी कमालिनी के अर्धशतक से गत चैंपियन भारत ने शुक्रवार को यहां एकतरफा सेमीफाइनल में इंग्लैंड को नौ विकेट से हराकर आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। भारत रविवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा। दक्षिण अफ्रीका ने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर पहली बार आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

पारुनिका और वैष्णवी ने झटके 3-3 विकेट

भारत ने बाएं हाथ की स्पिनरों पारुनिका सिसोदिया (21 रन पर तीन विकेट) और वैष्णवी शर्मा (23 रन तीन विकेट) की फिरकी के जादू से इंग्लैंड को आठ विकेट पर 113 रन पर रोक दिया और फिर सलामी बल्लेबाज जी त्रिशा (35 रन, 29 गेंद, पांच चौके) और कमालिनी (नाबाद 56 रन, 50 गेंद, आठ चौके) की पारियों की बदौलत 15 ओवर में एक विकेट पर 117 रन बनाकर जीत दर्ज की।

भारत ने पॉवरप्ले में बनाए बगैर नुकसान के 44 रन

त्रिशा ने आक्रामक शुरुआत की जिससे भारत ने पावर प्ले में बिना किसी नुकसान के 44 रन बनाए। कमलिनी को किस्मत का भी साथ मिला जब इंग्लैंड की कप्तान एबिगेल नोरग्रोव ने तेज गेंदबाज अमु सुरेनकुमार की गेंद पर उनका कैच टपका दिया। कमलिनी के साथ 60 रन की साझेदारी करने के बाद त्रिशा को बाएं हाथ की स्पिनर फोबे ब्रेट ने बोल्ड किया। कमलिनी ने इसके बाद सानिका चाल्के (नाबाद 11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की अटूट साझेदारी करके भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया।

पैडल शॉट्स पड़े इंग्लैंड को भारी

इससे पहले इंग्लैंड की बल्लेबाजों ने लगातार स्वीप और पैडल शॉट खेलकर अपने विकेट गंवाए। ऐसे शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड होने वाली छह में से पांच बल्लेबाज शामिल थीं। इंग्लैंड ने चौथे ओवर तक बिना विकेट खोए 37 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। पारुनिका ने जेमिमा स्पेंस (09) को बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई।

पारुनिका बनी प्लेयर ऑफ द मैच

मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गईं पारुनिका ने कहा,'मैंने एक ही जगह पर गेंदबाजी की और गेंद को अपना काम करने दिया। इससे मुझे मदद मिलती है। मुझे नई चीजों को आजमाने के लिए अपने सामने एक बल्लेबाज की जरूरत थी। फाइनल में खेलना हमारी इच्छा थी और हम सभी के लिए यही लक्ष्य है।'

ट्रूडी जॉनसन (00) स्वीप खेलने वाली पहली खिलाड़ी थीं जो पारुनिका की गेंद पर बोल्ड हुईं। डेविना पेरिन (45 रन, 40 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और नोरग्रोव (30 रन, 25 गेंद, तीन चौके, एक छक्का) ने तीसरे विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की जिससे इंग्लैंड ने 10 ओवर में दो विकेट पर 73 रन बनाए।

अंतिम 10 ओवर में केवल 40 रन बना सकी इंग्लैंड

इंग्लैंड की बल्लेबाजों ने अंतिम 10 ओवरों में लगातार स्वीप शॉट खेलकर विकेट गंवाए और इस दौरान टीम केवल 40 रन ही बना सकी और उसने छह विकेट खो दिए। नोरग्रोव, पेरिन, चार्लोट स्टब्स (04) और कैटी जोन्स (00) ने खराब शॉट खेलकर विकेट गंवाए। इंग्लैंड ने 16वें ओवर में तीन विकेट खोए और पूरी पारी लड़खड़ा गई। स्टब्स के अलावा प्रिशा थानावाला और चार्लोट लैम्बर्ट ने तीन गेंद के अंतराल में आउट हो गए जिससे इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 92 रन हो गया। आखिरी चार ओवरों में निचले क्रम की बल्लेबाजों ने टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई लेकिन ये रन नाकाफी थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article