क्रिकेट

क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलेंगे वनडे विश्व कप 2027 ? अजीत आगरकर ने दिया दो टूक जवाब

बीसीसीआई की सीनियर सेलेक्शन कमिटी के अध्यक्ष अजीत आगरकर ने एक टीवी कार्यक्रम में रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे विश्व कप 2027 में खेलेने की संभावनाओं को लेकर दो टूक जवाब दिया है।

Image

रोहित शर्मा और विराट कोहली (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: चयन समिति के अध्यक्ष अजित आगरकर ने शुक्रवार को कहा कि सीनियर भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा का ‘आकलन’ होगा लेकिन प्रत्येक मैच में उन्हें आजमाना ‘बेवकूफी’ होगी। हित और कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के साथ सात महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के करीब हैं और इस तरह की अटकलें हैं कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले 2027 विश्व कप से पहले इन दोनों पूर्व कप्तानों के प्रदर्शन की प्रत्येक श्रृंखला में समीक्षा होगी। आगरकरने ‘एनडीटीवी वर्ल्ड समिट’ के दौरान कहा,'प्रत्येक मैच में उन्हें आजमाना बेवकूफाना होगा। जब वे खेलना शुरू कर देंगे तो उनका आकलन होगा लेकिन उनकी जगह खतरे में नहीं है।

दो साल दूर है अभी विश्व कप

कुछ हफ्ते पहले शुभमन गिल को नया एकदिवसीय कप्तान घोषित करने के बाद अहमदाबाद में कही गई अपनी बात को दोहराते हुए आगरकर ने एक बार फिर उस टूर्नामेंट के लिए टीम के चयन पर अपनी प्रतिबद्धता से परहेज किया जो अभी दो साल दूर है। इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा,'इसका मतलब यह नहीं है कि अगर वे ऑस्ट्रेलिया में रन नहीं बनाते हैं तो उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाएगा और इसी तरह अगर वे ऑस्ट्रेलिया में तीन शतक बनाते हैं तो उन्हें 2027 विश्व कप के लिए चुना जाएगा।'

रोहित और विराट ने स्वंय लिया टेस्ट से संन्यास

आगरकर ने यह भी स्पष्ट किया कि कोहली और रोहित ने टेस्ट क्रिकेट छोड़ने का फैसला स्वयं किया था और चयन समिति उनके अनुभव से खुश होती। उन्होंने कहा,'हमें अगर कहीं अनुभव की जरूरत होती तो वह जगह इंग्लैंड होती। दोनों दिग्गज खिलाड़ी हैं और उन्होंने हमारे से संपर्क किया था। और एक बार जब उन्होंने फैसला कर लिया तो आपको उनके फैसले का सम्मान करना होगा।'

फिटनेस की वजह से नहीं हुआ रोहित शर्मा का चयन

आगरकर ने यह भी स्पष्ट किया कि मोहम्मद शमी को इंग्लैंड श्रृंखला के लिए इसलिए नहीं चुना गया क्योंकि वह फिट नहीं थे और पिछले छह से आठ महीनों में उनकी सामान्य मैच फिटनेस ठीक नहीं रही। उत्तराखंड के खिलाफ बंगाल के रणजी ट्रॉफी मैच से पहले शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी एकदिवसीय मुकाबलों के लिए नजरअंदाज किए जाने पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि अगर वह रणजी ट्रॉफी के लिए फिट हैं तो 50 ओवर का क्रिकेट भी खेल सकते थे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article