who Won Yesterday IPL Match 09 May, 2026, RR vs GT, kal ka match kaun jeeta: गुजरात टाइटन्स ने शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 77 रन के अंतर से राजस्थान रॉयल्स को पटखनी देकर अंक तालिका में दूसरे पायदान पर कब्जा कर लिया है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटन्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन का स्कोर किया था। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 84(44) और साई सुदर्शन 55(36) रन की पारी खेली। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने 37(20) रन बनाए। इसके बाद जीत के लिए 230 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम 16.3 ओवर में 152 रन बनाकर ढेर हो गई। रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 38(25) और वैभव सूर्यवंशी 36(16) रन की पारी खेली। गुजरात के लिए राशिद खान ने 33 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। वहीं 3 विकेट जेसन होल्डर और 2 विकेट कगिसो रबाडा के खाते में गया। इस मैच में जीत के बाद गुजरात अंक तालिका में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं राजस्थान चौथे से पांचवें स्थान पर खिसक गई है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?
राजस्थान रॉयल्स ने जीता टॉस
गुजरात टाइटन्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
गुजरात की शानदार शुरुआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स के लिए पारी की शुरुआत करने साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी उतरी। दोनों ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और 4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने पॉवरप्ले में बगैर किसी नुकसान के 82 रन जोड़ लिए जो कि गुजरात का लीग में पॉवरप्ले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया।
गिल-सुदर्शन के बीच हुई शतकीय साझेदारी
पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद दोनों ने तेजी से पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 50 गेंद में पूरी कर ली। 8.1 ओवर में गुजरात ने 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया। शतकीय साझेदारी में सुदर्शन ने 48 और गिल ने 41 रन का योगदान दिया। इसके बाद सुदर्शन और गिल ने अपने अर्धशतक 30-30 गेंद में पूरे किए। साई ने इस दौरान 6 चौके और 2 छक्के जड़े। वहीं गिल ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से अपना पचासा पूरा किया। दोनों स्कोर को 118 रन तक ले गए। 11वें ओवर की पांचवी गेंद पर यश राज पुंजा ने सुदर्शन को कैच कराकर साझेदारी को तोड़ दिया। सुदर्शन 55(36) रन बना सके।
शतक से चूके शुभमन गिल
सुदर्शन के आउट होने के बाद गिल का साथ देने जोस बटलर आए। दोनों ने रन गति को बनाए रखा और गुजरात को 13 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर बटलर को रवींद्र जडेजा ने डेनोवन फरेरा के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। वो 13(10) रन बना सके। बटलर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने वॉशिंगटन सुंदर आए। कप्तान गिल के साथ उन्होंने मिलकर स्कोर को 185 रन तक पहुंचा दिया। ऐसे में ब्रिजेश शर्मा ने शुभमन गिल को 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर तुषार देशपांडे के हाथों कैच करा दिया। गिल 84(44) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्के जड़े।
गुजरात ने बनाए 4 विकेट पर 229 रन
गिल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए जेसन होल्डर ज्यादा देर सुंदर का साथ नहीं दे सके। वो 7(7) रन बनकर ब्रिजेश शर्मा का दूसरा शिकार बने। होल्डर के आउट होने से पहले गुजरात ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर 200 रन के आंकड़े को पार कर लिया। अंत में वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने मिलकर गुजरात को 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन तक पहुंचा दिया। सुंदर 37(20) और तेवतिया 14(4) रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट ब्रिजेश शर्मा ने लिए। एक-एक विकेट यश राज पुंजा और रवींद्र जडेजा के खाते में गया।
वैभव तेज शुरुआत के बाद बने सिराज का शिकार
जीत के लिए पारी 230 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के लिए पारी का आगाज करने वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की आतिशी जोड़ी उतरी। वैभव ने मैदान पर उतरते ही हल्ला बोल दिया और अपनी पारी की शुरुआत मोहम्मद सिराज की गेंद पर छक्का जड़कर की। दोनों ने तेजी से टीम को 38 रन तक पहुंचा दिया। तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर वैभव 16 गेंद में 38 रन बनाकर सिराज की बाउंसर पर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के जड़े। वैभव के आउट होने के कुछ देर बाद यशस्वी जायसवाल 3(4) रन बनाकर कैच दे बैठे।
पॉवरप्ले में राजस्थान ने गंवा दिए तीन विकेट
3.3 ओवर में 40 रन बनाकर राजस्थान की ओपनिंग जोड़ी पवेलियन वापस लौट चुकी थी। ऐसे में ध्रुव जुरेल और शिमरॉन हेटमायर ने मोर्चा संभाला और टीम को 68 रन तक पहुंचाया। रियान पराग की जगह खेल रहे हेटमायर भी पॉवरप्ले के समाप्त होने से पहले रबाडा की गेंद पर होल्डर के हाथों लपके गए। वो 6(7) रन बना सके। राजस्थान ने पॉवरप्ले का अंत 3 विकेट पर 78 रन के साथ किया।
91 रन पर पवेलियन लौटी आधी टीम
पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद जुरेल और जडेजा भी विकेटों की पतझड़ पर लगाने में सफल रहे। आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर जुरेल 24(10) रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और तीन छक्के जड़े। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर राशिद ने डेनोवन फरेरा को भी बोल्ड कर दिया। 91 रन पर राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौट गई।
152 रन पर ढेर हुई राजस्थान की टीम
फरेरा के आउट होने के बाद एक छोर थामे खड़े जडेजा को शुभम दुबे का साथ मिला। दोनों ने 10.1 ओवर में राजस्थान को 100 रन के पार पहुंचा दिया और स्कोर को 115 रन तक ले गए। ऐसे में राशिद ने एक बार फिर अपनी फिरकी का जादू दिखाकर दुबे को बोल्ड कर दिया। वो 16(11) रन बना सके। दुबे के आउट होने के बाद विकेटों की झ़ड़ी लग गई। रवींद्र जडेजा 38(25) रन बनाकर राशिद की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। अंत में राजस्थान की पूरी टीम 16.3 ओवर में 152 रन पर ढेर हो गई और 77 रन के बड़े अंतर से मैच गंवा दिया। आर्चर ने 5(6), तुषार देशपांडे ने 1(3) रन बनाए। ब्रिजेश 1(1) रन बनाकर नाबाद रहे।
राशिद की फरकी में फंसे राजस्थान के बल्लेबाज
गुजरात के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट राशिद खान ने लिए। वहीं 3 विकेट जेसन होल्डर के खाते में गए। 2 विकेट कगिसो रबाडा की झोली में गए और एक सफलता मोहम्मद सिराज को मिली। इस मैच में जीत के साथ गुजरात टाइटन्स की टीम अंक तालिका में 14 अंक के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई। वहीं राजस्थान घर पर लगातार तीसरी हार के बाद पांचवें पायदान पर खिसक गई।
प्लेयर ऑफ द मैच:
राशिद खान को उनकी करिश्माई गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। राशिद ने 33 रन देकर 4 विकेट लिए।
