क्रिकेट

भारत ने इंग्लैंड को चौथे टी20 में दी पटखनी,देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

भारतीय क्रिकेट टीम ने पुणे में खेले गए पांच मैच की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में इंग्लैंड को 15 रन के करीबी अंतर से मात देकर मैच और सीरीज अपने नाम कर ली । जानिए कैसा रहा चौथे टी20 मुकाबले के पल-पल का रोमांच?

Image

भारत बनाम इंग्लैंड चौथा टी20 मैच कल का मैच कौन जीता

Photo : AP

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को पांच मैच की सीरीज के पुणे में खेले गए चौथे मुकाबले में 15 रन के करीबी अंतर से मात देकर सीरीज अपने नाम कर ली। भारतीय टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में 9 विकेट पर 181 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए 182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान इंग्लैंड की टीम को 19.4 ओवर में 166 रन पर ढेर करके मैच अपने नाम कर लिया और सीरीज पर 3-1 के अंतर से कब्जा कर लिया। जानिए कैसा रहा चौथे टी20 मैच के पल-पल का हाल?

इंग्लैंड ने जीता टॉस:

भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज के पुणे में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में मेहमान टीम के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब रही टीम इंडिया की शुरुआत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने पहले ओवर में 12 रन बगैर किसी नुकसान के बना लिए थे। लेकिन दूसरे ओवर में सीरीज में पहला मैच खेल रहे तेज गेंदबाज साकिब महमूद ने बगैर कोई रन दिए तीन बल्लेबाजों को चलता कर दिया। संजू सैमसन एक रन बनाकर महमूद की पहली गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश में कार्स के हाथों लपके गए। दूसरी बॉल पर तिलक वर्मा थर्ड मैन बांउड्री पर जोफ्रा आर्चर के हाथों लपके गए। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद कप्तान सूर्या भी बगैर कोई रन बनाए कैच दे बैठे। 2 ओवर में 12 रन पर तीन विकेट गंवाकर भारतीय टीम बैकफुट पर नजर आने लगी।

अभिषेक-रिंकू ने मुश्किल से उबारा

12 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 7 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले में भारतीय टीम 3 विकेट के नुकसान पर 47 रन बना सकी थी। लेकिन आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा 29(19) रन बनाकर आदिल राशिद की गेंद पर कैच दे बैठे।

रिंकू नहीं दे पाए शिवम का साथ

अभिषेक के आउट होने के बाद रिंकू का साथ देने शिवम दुबे उतरे। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया लेकिन 11वें ओवर की चौथी गेंद पर पिच पर पैर जमाने के बाद रिंकू सिंह कार्स की गेंद पर राशिद के हाथों लपके गए। रिंकू ने 30(26) रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और एक छक्का अपनी पारी में जड़ा।

हार्दिक-शिवम की जोड़ी ने मचाया धमाल

79 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद हार्दिक पांड्या पिच पर पैर जमा चुके शिवम दुबे का साथ देने उतरे। हार्दिक पांड्या ने ऐसे में धीमे अंदाज में शुरुआत की लेकिन थोड़ी देर बाद उन्होंने कोहराम मचा दिया। दूसरे छोर पर खड़े शिवम उनका साथ दे रहे थे। ऐसे में दोनों ने 32 गेंद में छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी करते हुए टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। टीम इंडिया ने दोनों के पिच पर रहते 17 ओवर में 150 रन भी पूरे कर लिए। दोनों के बीच हुई 87 रन की साझेदारी पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर टूट गई। 27 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद हार्दिक पांडया जैमी ओवरटन की गेंद पर बटलर के हाथों लपके गए। उन्होंने 30 गेंद में 53 रन की पारी खेली।

दुबे ने जड़ा वापसी मैच में शानदार अर्धशतक

हार्दिक पांड्या के आउट होने के बाद शिवम दुबे ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने अपना अर्धशतक 31 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। शिवम पिच पर डटे रहे लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। अक्षर पटेल 5 रन बनाकर ओवरटन की गेंद पर बैथल के हाथों लपके गए। इसके बाद अर्शदीप भी आखिरी ओवर में शिवम दुबे को स्ट्राइक देने की कोशिश में रन आउट हो गए। इसके बाद शिवम दुबे के हेलमेट पर ओवरटन की बाउंसर 20वें ओवर की सेकेंड लास्ट बॉल लगी। अंतिम गेंद पर दो रन लेने की कोशिश में दुबे बटलर के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। उन्होंने 34 गेंद में 53 रन बनाए। टीम इंडिया 20 ओवर में 9 विकेट पर 181 रन बना सकी।

साकिब रहे इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज

इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट साकिब महमूद ने लिए। वहीं दो सफलता जैमी ओवरटन को मिली। एक-एक विकेट बायडन कार्स और आदिल राशिद की झोली में गया। भारत के दो खिलाड़ी रन आउट हुए।

साल्ट-डकेट ने दिलाई इंग्लैंड को आतिशी शुरुआत

जीत के लिए 182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को फिल साल्ट और बेन डकेट की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत दी। दोनों ने 4.5 ओवर में इंग्लैंड को 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले की आखिरी गेंद पर ये साझेदारी टूटी। भारत को पहली सफलता रवि बिश्नोई ने बेन डकेट के रूप में दिलाई। डकेट 19 गेंद में 39 रन बनाकर सूर्यकुमार यादव के हाथों लपके गए। इस तरह इंग्लैंड ने पॉवरप्ले के अंत 1 विकेट पर 62 रन के साथ किया। भारतीय टीम को दूसरी सफलता सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर अक्षर पटेल ने दिलाई। पटेल ने साल्ट को बोल्ड कर दिया। वो 23(21) रन बना सके।

इंग्लैंड को दोनों ओपनर 6.5 ओवर में 65 रन के स्कोर पर पवेलियन वापस लौट गए थे। ऐसे में कप्तान बटलर की पारी का अंत रवि बिश्नोई ने कर दिया। बटलर 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 67 के स्कोर पर इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवा दिए थे।

पांच रन में इंग्लैंड ने गंवाए 3 विकेट

पांच रन के अंतराल में इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवा दिए और बैकफुट पर आ गई। ऐसे में हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला। उन्हें लियाम लिविंगस्टोन का साथ मिला। दोनों ने स्कोर को 95 रन तक पहुंचाया। ऐसे में भारतीय टीम ने चाल चलते हुए शिवम दुबे की जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में हर्षित राणा को शामिल किया। राणा ने अपने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर लिविंग्स्टोन को विकेट के पीछे सैमसन के हाथों कैच करा दिया। वो 9 रन बनाकर आउट हुए।

लिविंगस्टोन के आउट होने के बाद एक छोर पर ब्रूक डटे रहे। उन्होंने अपना अर्धशतक 25 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन इसके ठीक बाद वरुण चक्रवर्ती ने सीरीज में तीसरी बार उनका शिकार किया और पवेलियन वापस भेज दिया। ब्रूक 51 रन बना सके। उनके आउट होते ही इंग्लैंड की आधी टीम 129 रन के स्कोर पर पवेलियन वापस लौट चुकी थी।

ब्रूक ने दिखाया दम लेकिन वरुण का बने शिका

ब्रूक के आउट होतेही फिर से विकेटों की झड़ी लग गई। उसी ओवर में वरुण ने बायडन कार्स को चलता कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद जैकब बैथल को हर्षित राणा ने कैच कराकर चलता कर दिया। वो 6 रन बना सके। वहीं रवि बिश्नोई ने जोफ्रा आर्चर को खाता खोले बगैर बोल्ड कर दिया। 16.5 ओवर में इंग्लैंड ने 146 के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए थे।

राणा ने बदला मैच का रुख

19वें ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षित राणा ने जैमी ओवरटन को बोल्ड करते डेब्यू मैच में तीसरा विकेट अपने नाम किया। ओवरटन 19(15) रन बनाकर आउट हुए। 163 के स्कोर पर इंग्लैड को नौवां झटका लगा। राणा ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए और मैच का रुख भारत के पक्ष में कर दिया। आखिरी ओवर में जीत के लिए इंग्लैंड को 19 रन बनाने थे लेकिन अर्शदीप सिंह ने चौथी ही गेंद पर साकिब महमूद को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराकर इंग्लैंड की पारी का अंत कर दिया और मैच के साथ टीम इंडिया को पांच मैच की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त दिला दी। भारत ने चौथा टी20 15 रन के अंतर से अपने नाम किया। इंग्लैंड की टीम 166 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट रवि बिश्नोई ने लिए। वहीं दो सफलता वरुण चक्रवर्ती को मिली। अर्शदीप और अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।

प्लेयर ऑफ द मैच:

शिवम दुबे को उनकी अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article