RR vs SRH, Who Won Yesterday IPL Match (कल का मैच कौन जीता?): इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला गया। राजस्थान रॉयल्स की टीम आरसीबी को एलिमिनेटर मुकाबले में मात देकर और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से पहले क्वालीफायर मुकाबले में हार के बाद इस मुकाबले में पहुंची थी। मैच में राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और कसी हुई बॉलिंग करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 20 ओवर में 9 विकेट पर 175 रन पर रोक दिया। लेकिन इसके बाद जीत के लिए 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने में राजस्थान रॉयल्स की टीम नाकाम रही और सनराइजर्स हैदराबाद ने 36 रन के अंतर से मैच अपने नाम करके तीसरी बार आईपीएल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। राजस्थान की टीम ने हैदराबाद के स्पिनर्स के सामने घुटने टेक दिए और 7 विकेट केवल 139 रन बना सकी। ऐसे में अब 26 मई को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में एक बार की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद की दो बार की खिताब विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ चेन्नई में ही खिताबी भिड़ंत होगी।
राजस्थान रॉयल्स ने जीता टॉस:
आईपीएल 2024 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।खराब रही सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत:
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। ट्रेंट बोल्ट के कहर का सामना हैदराबाद के गेंदबाज नहीं कर सके और तेजी से रन बनाने की कोशिश में 5 ओवर के अंतराल में तीन विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका पहले ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ट ने दिया। अभिषेक 12(5) रन बनाकर कैच दे बैठे। इसके बाद ट्रेविस हेड और राहुल त्रिपाठी ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 4.1 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन इसी जल्दबाजी में राहुल त्रिपाठी 37(15) रन बनाकर बोल्ट का दूसरा शिकार बने। चहल ने उनका कैच लपका। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए एडेन मार्करम भी इसी ओवर की आखिरी गेंद पर 1(2) रन बनाकर चहल के हाथों लपके गए और अचानक से हैदराबाद का स्कोर 5 ओवर में 3 विकेट पर 57 रन हो गयाहेड और क्लासेन ने रोकी विकेटों की झड़ी
दो विकेट एक ही ओवर में गंवाने के बाद एक छोर थामे थड़े ट्रेविस हेड का साथ देने हेनरिक क्लासेन आए। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और 100 रन के करीब ले गए। लेकिन 99 के स्कोर पर 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर हेड संदीप शर्मा की गेंद पर अश्विन के हाथों लपके गए। ऐसे में हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ती दिखीं। हेड ने 34(28) रन बनाए।
आवेश ने दोहरे झटके देकर हैदराबाद को फिर बैकफुट पर धकेला
हेड के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने युवा नीतीश रेड्डी आए। उन्होंने क्लासेन के साथ पारी को संभालने की कोशिश की और टीम को 120 रन के स्कोर तक ले गए लेकिन राजस्थान की कसी हुई गेंदबाजी के सामने वो भी बिखर गए। रेड्डी 5(10) रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर चहल के हाथों लपके गए। इसके बाद अगली ही गेंद पर आवेश खान ने बल्लेबाजी करने आए अब्दुल समद को बोल्ड करके हैदराबाद को छठा झटका दे दिया।
क्लासेन ने जड़ा अर्धशतक, हैदराबाद पहुंचा 150 रन के पार
लगातार दो विकेट गंवाने के बाद हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ती दिख रही थीं। ऐसे में क्लासेन एक छोर थामकर रन बनाते रहे दूसरे छोर पर उनका साथ देने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में साथ देने शाहबाज अहमद आए। दोनों ने मिलकर हैदराबाद को 17 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद क्लासेन ने अपना अर्धशतक 33 गेंद में पूरा कर लिया। लेकिन अगली ही गेंद पर संदीप शर्मा ने उन्हें बोल्ड करके पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। क्लासेन 34 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए।
175 रन बना सकी सनराइदर्स हैदराबाद
163 के स्कोर पर क्लासेन के पवेलियन लौटने के बाद शाहबाज अहमद, पैट कमिंस और जयदेव उनादकट ने मिलकर टीम को 20 ओवर में 9 विकेट पर 175 रन तक पहुंचा दिया। शाहबाज ने 18(18), पैट कमिंस ने नाबाद 5(5) और उनादकट ने 5(2) रन बनाए। बोल्ट और आवेश खान राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज रहे दोनों के खाते में तीन-तीन विकेट आए। वहीं दो विकेट संदीप शर्मा ने लिए।
राजस्थान ने की धीमी शुरुआत, जायसवाल-संजू ने पहुंचाया 50 के पार
फाइनल में प्रवेश के लिए 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत भी खराब रही। धीमी शुरुआत के बाद ओपनर टॉम कोहलर-कैडमोर 10 रन बनाकर कमिंस की गेंद पर राहुल त्रिपाठी के हाथों लपके गए। इसके बाद दूसरे ओपनर यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला और टीम को 5.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया।
यशस्वी अर्धशतक से चूके, फिर लगी विकेटों की झड़ी
पॉवरप्ले में राजस्थान ने 1 विकेट के नुकसान पर 51 रन बना लिए थे। ऐसे में 65 के स्कोर पर राजस्थान को दूसरा झटका पिच पर पैर जमा चुके यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। यशस्वी 21 गेंद में 42 रन बनाकर शाहबाद अहमद की फिरकी में फंसकर अब्दुल समद के हाथों लपके गए। जायसवाल के आउट होने के चार गेंद बाद अभिषेक शर्मा ने संजू सैमसन को भी पवेलियन वापस भेज दिया। 10(11) रन बनाकर सैमसन आउट हुए।
अभिषेक और शाहबाज की फिरकी में फंसे राजस्थान के लड़ाके
8.3 ओवर में 67 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद राजस्थान की टीम दबाव में दिखने लगी। पिच स्पिनर्स के लिए मददगार हो गई थी और राजस्थान के बल्लेबाज फिरकी के सामने टिक नहीं पा रहे थे। अभिषेक शर्मा और शाहबाज अहमद ने दोनों छोर से अटैक करके राजस्थान की हालत खराब कर दी। देखते ही देखते 79 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। रियान पराग भी 12वें ओवर की पहली गेंद पर 6(10) रन बनाकर शाहबाज का दूसरा शिकार बने। शाहबाज ने इसी ओवर में रविचंद्रन अश्विन को भी खाता खोले बगैर पवेलियन वापस भेज दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए शिमरॉन हेटमायर भी कुछ कमाल नहीं कर पाए और 4(10) रन बनाकर अभिषेक की गेंद पर बोल्ड हो गए।
जुरेल ने अंत मे दिखाई दिलेरी, नहीं लगा पाए टीम का बेड़ा पार
13.4 ओवर में राजस्थान का स्कोर 6 विकेट पर 92 रन हो गया। ऐसी मुश्किल घड़ी में ध्रुव जुरेल ने एक छोर संभाला लेकिन दूसरे छोर पर बल्लेबाज असहाय नजर आ रहे थे। जुरेल ने अपना अर्धशतक इस मुश्किल स्थिति में 26 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। दूसरे छोर पर उनका साथ दे रहे रोवमैन पॉवेल को नटराजन ने 124 के स्कोर पर कैच करा दिया। वो 6 रन बना सके। जुलेर एक छोर पर अंत तक डटे रहे और राजस्थान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 139 रन ही बना सकी और फाइनल में पहुंचने से चूक गई। जुरेल 56(35) रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं बोल्ट खाता खोले बगैर नाबाद लौटे। हैदराबाद के लिए सबसे सफल गेंदबाज शाहबाद अहमद रहे। उन्होंने 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। नहीं 2 विकेट अभिषेक शर्मा के खाते में गए। एक-एक सफलता पैट कमिंस और टी नटराजन के खाते में गई।
