क्रिकेट

DC vs CSK Match Updates: दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2024 के बीच खेले तेरहवें मुकाबले में दिल्ली बनी विजेता, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 2, 2024, 01:24 PM IST

दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2024 के 13वें मुकाबले में 20 रन के अंतर से मात देकर सीजन की पहली जीत दर्ज की। जानिए कैसा रहा मैच का हाल।

Image

एमएस धोनी और ऋषभ पंत (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली कैपिटल्स ने दी चेन्नई सुपर किंग्स को मात
  • काम नहीं आई एमएस धोनी की 16 गेंद में 37 रन की आतिशी पारी
  • चेन्नई को मिली सीजन की पहली हार

दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को मात देकर रविवार को विशाखापट्टनम में आईपीएल 2024 की पहली जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली ने डेविड वॉर्नर और ऋषभ पंत की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 6 विकेट पर 171 रन बना सकी। धोनी ने आखिरी ओवरों में 16 गेंद में 37 रन की आतिशी पारी खेली और टीम को जीत के करीब ले गए। अंतिम ओवर में जीत के लिए सीएसके को 41 रन बनाने थे लेकिन धोनी 21 रन बना सके। दिल्ली कैपिटल्स ने इस जीत के साथ अपना खाता खोला। ऐसा रहा मैच का हाल।

दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस:

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

वॉर्नर-शॉ ने दिलाई दिल्ली को तेज शुरुआत:

दिल्ली कैपिटल्स को डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 5.2 ओवर में दिल्ली को 50 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद दिल्ली ने पॉवरप्ले के 6 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 62 रन बना लिए थे। कुल मिलाकर पॉवरप्ले दिल्ली कैपिटल्स के नाम रहा।

अर्धशतकीय पारी खेलकर आउट हुए वॉर्नर:

डेविड वॉर्नर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंद में अपना अर्धशतक 4 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। लेकिन उनकी पारी का 93 के स्कोर पर अंत मुस्तफिजुर रहमान ने दसवें ओवर की तीसरी गेंद पर कर दिया। वॉर्नर का एक हाथ से शानदार कैच मथीशा पथिराना ने लपका।

अर्धशतक से चूके पृथ्वी शॉ:

सीजन में पहली बार खेल रहे पृथ्वी शॉ अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। रवींद्र जडेजा की गेंद पर धोनी ने विकेट के पीछे शानदार कैच लपक लिया। शॉ 27 गेंद पर 43 रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के जड़े। पृथ्वी शॉ जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 10.4 ओवर में 103 रन था।

ऋषभ पंत ने संभाला मोर्चा:

दो विकेट दिल्ली ने जल्दी जल्दी गंवा दिए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मिचेल मार्श के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन ये साझेदारी 15वें ओवर की चौथी गेंद पर टूट गई। पथिराना ने मिचेल मार्श(18)को बोल्ड कर दिया। इसके दो गेंद बाद उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स को भी बोल्ड करके चौथा झटका दिल्ली को दिया। 15 ओवर में दिल्ली का स्कोर 4 विकेट पर 134 रन हो गया।

पंत ने जड़ा सीजन का पहला अर्धशतक:

ऐसे में ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला और आतिशी बल्लेबाजी शरू कर दी। उन्होंने 31 गेंद में अपना अर्धशतक चौका जड़कर पूरा किया। पारी के दौरान पंत ने 4 चौके और 3 छक्के जड़े। लेकिन अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली ही गेंद पर पथिराना ने उनकी पारी का अंत कर दिया। पंत रुतुराज गायकवाड़ के हाथों लपके गए। इसके बाद अक्षर पटेल(7) और अभिषेक पोरेल (9 गेंद पर 6 रन) बनाकर नाबाद रहे और दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया।

पथिराना रहे सीएसके से सबसे सफल गेंदबाज:

पथिराना सीएसके के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 31 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं मुस्तफिजुर रहमान और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

सीएसके के खराब रही शुरुआत, खलील ने बरपाया कहर:

चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही। खलील अहमद ने 7 गेंद के अंतराल में रुतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र दोनों को चलता कर दिया। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर रुतुराज 1 रन बनाकर विकेट के पीछे पंत के हाथों लपके गए। इसके बाद तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर रचिन रवींद्र का कैच ट्रिस्टन स्टब्स ने लपक लिया। इसके साथ ही चेन्नई का स्कोर 2.5 ओवर में 2 विकेट पर 7 रन हो गया।

रहाणे-मिचेल ने संभाली पारी:

अनुभवी अजिंक्य रहाणे और डेरिल मिचेल ने चेन्नई को शुरुआती झटकों से उबरा। 6 ओवर में सीएसके केवल 32 रन बना सकी। मिचेल-रहाणे ने 8.3 ओवर में चेन्नई को पचास रन के पार पहुंचाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 68 (45)

रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर डेरिल मिचेल का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर तोड़ा। मिचेल ने 34(26) रन बनाए। चेन्नई का स्कोर इसके साथ ही 3 विकेट पर 75 रन हो गया।

मुकेश कुमार ने दिए दोहरे झटके:

मिचेल के आउट होने के बाद रहाणे और शिवम दुबे ने मिलकर चेन्नई को 12.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन 102 के स्कोर पर मुकेश कुमार ने चेन्नई को दोहरे झटके देकर मुश्किल में डाल दिया। 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर मुकेश ने रहाणे को बाउंड्री पर डेविड वॉर्नर के हाथों लपकवाया। रहाणे ने 45(30) रन बनाए। इसके बाद अगली गेंद पर उन्होंने स्लिप में कैच कराकर समीर रिजवी को पहली ही गेंद पर चलता कर दिया। ऐसे में अचानक सीएसके का स्कोर 13.4 ओवर में 5 विकेट पर 102 रन हो गया।

मुकेश ने किया शिवम का शिकार:

चेन्नई को छठा झटका 120 रन के स्कोर पर मुकेश ने शिवम दुबे के रूप में दिया। शिवम 17 गेंद में 18 रन बनाकर ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों लपके गए। छठा विकेट गिरने के बाद रवींद्र जडेजा का साथ देने महेंद्र सिंह धोनी उतरे। धोनी ने मैदान पर उतरते ही पहली गेंद पर चौका जड़ दिया और अगली गेंद पर उन्हें जीवनदान मिल गया। इसके बाद धोनी अपने रंग में नजर आए और उन्होंने जडेजा के साथ मिलकर दिल्ली के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए।

धोनी ने छुड़ाए दिल्ली के गेंदबाजों के छक्के:

चेन्नई के सामने आखिरी ओवर में जीत के लिए 41 रन बनाने की चुनौती आ खड़ी हुई। ऐसे में धोनी ने ने ओवर की शुरुआत चौके के साथ की। दूसरी गेंद पर उन्होंने नॉर्खिया के खिलाफ छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद पर उन्होंने 2 रन लिए और चौथी गेंद पर फिर से चौका जड़ दिया। पांचवीं गेंद पर नॉर्खिया ने कोई रन नहीं दिया लेकिन मैच का अंत अंतिम गेंद पर छक्के के साथ किया। धोनी 16 गेंद में 37 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं जडेजा ने 21(17) रन की पारी खेली। धोनी ने अपनी आतिशी पारी में 4 चौके और 3 छक्के जड़े। चेन्नई ने 20 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। मुकेश कुमार ने 3 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट झटके और मैच का रुख बदल दिया।

खलील अहमद बने मैन ऑफ द मैच:

खलील अहमद को उनके शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। खलील ने 21 रन देकर चेन्नई के खिलाफ 2 विकेट चटकाए। उन्होंने पहले दो विकेट अपने दो ओवर में चटकाए और सीएसके को बैकफुट पर धकेल दिया।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article