IND vs ENG Match Today Winner Prediction: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में आज भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल (IND vs ENG Semi Final) मैच खेला जाना है। इस मैच को लेकर काफी सुगबुगाहट और चर्चा है। पिछले टी20 विश्व कप में भी यही दोनों टीमें सेमीफाइनल में टकराई थीं और भारत उस मैच को जीतने के बाद फाइनल में जीत दर्ज करके चैंपियन भी बना था। इस बार इंग्लैंड की टीम हैरी ब्रूक (Harry Brook) की कप्तानी में अलग अंदाज में नजर आ रही है और भारत के सामने बड़ी चुनौती होगी। इसी बीच पूर्व क्रिकेटरों द्वारा भविष्यवाणियां और राय देने का दौर भी जारी है कि कौन सी टीम आज विजेता बन सकती है। लगातार टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम को लेकर दावे करने वाले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने फिर से भारत-इंग्लैंड मैच पर अपनी राय रख दी है।
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में कौन जीतेगा इस पर अपनी राय देते हुए पूर्व पाक क्रिकेटर मोहम्मद आमिर ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम का समर्थन किया है। आमिर इस पूरे टी20 विश्व कप के दौरान अपनी विवादास्पद भविष्यवाणियों के कारण सुर्खियों में रहे हैं। जिसमें अभिषेक शर्मा पर विवादित टिप्पणी भी शामिल रही जहां उन्होंने अभिषेक को एक स्लॉगर बल्लेबाज बता दिया और ये तक कहा था कि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंच भी नहीं पाएगी।
इस बार आमिर ने क्या कहा है, कैसे भारत को हरा सकता है इंग्लैंड
इस बार भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल से पहले मोहम्मद आमिर ने कहा है कि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के फायदेमंद साबित होती आई है और अगर इंग्लैंड बाद में बल्लेबाजी करता है, तो उसके पास भारत को हराने का बड़ा मौका होगा। पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने एक पाकिस्तानी टीवी कार्यक्रम के दौरान कहा, "ये एक अच्छी पिच पर मैच है। जैसा कि राशिद भाई ने कहा, अगर इंग्लैंड दूसरी बार बल्लेबाजी करता है, तो अधिक मौके होंगे। क्योंकि ये मुंबई में एक बड़े स्कोर वाला मैच होगा।"
भारतीय बल्लेबाजों के खराब फॉर्म पर बोले आमिर
आमिर ने उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों के खराब फॉर्म पर प्रकाश डाला और कहा कि टी20 विश्व कप में उनका खराब प्रदर्शन इंग्लैंड को फायदा पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा, "लेकिन अगर आप भारत के बारे में बात करते हैं, तो उनके केवल एक या दो बल्लेबाज ही प्रदर्शन कर रहे हैं। वह बल्लेबाज अक्सर इसे अंत तक ले जाता है, लेकिन केवल एक या दो ही प्रदर्शन करने में सक्षम होते हैं। अगर आप उनकी पूरे बल्लेबाजी क्रम को देखें, तो वो फॉर्म में नहीं हैं। ईशान किशन ने केवल हमारे खिलाफ प्रदर्शन किया। अभिषेक शर्मा लय से बाहर हैं। तिलक वर्मा ने कोई प्रभाव नहीं डाला। सूर्यकुमार यादव ने सुपर 8 में आने के बाद से कुछ नहीं किया है। संजू ने अच्छा किया और जसप्रीत बुमराह भी अच्छा कर रहे हैं।" आमिर ने निष्कर्ष निकालते हुए कहा, "आप निश्चित नहीं हो सकते कि भारतीय क्रिकेट टीम हावी होगी। मुझे लगता है कि इंग्लैंड पसंदीदा होगा।"
क्या कहते हैं भारत और इंग्लैंड के टी20 में आंकड़े
टीम इंडिया और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच आज होने वाले सेमीफाइनल मैच से पहले अगर इन दोनों टीमों के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में आमने-सामने के आंकड़े देखें तो भारत का ही पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 19 टी20 मैच खेले जा चुके हैं। इन मैचों में भारत ने 17 बार जीत अपने नाम की है। वहीं, इंग्लैंड की टीम 12 बार भारत को हरा सकी है। टी20 विश्व कप में भी आंकड़ों में भारत ही आगे हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच T20 वर्ल्ड कप इतिहास में हुए पांच मुकाबलों में भारत ने 3 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड 2 में जीत हासिल कर सका है। इस विश्व कप में दोनों टीमों के बीच आज पहला मुकाबला होगा।
आज कौन जीत सकता है, किसका पलड़ा है भारी, क्या हैं कारण?
आज के मैच में भी भारत का पलड़ा ही भारी रहेगा, उसके कई कारण हैं। टीम इंडिया सबसे पहले तो अपने ही मैदान पर खेल रही है, मैदान पर फैंस का समर्थन भी भारत के साथ ही होगा जो इंग्लैंड की टीम पर काफी दबाव डालेगा। इसके अलावा, टीम इंडिया में कई मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं जो समय-समय पर अपनी भूमिका निभाते आए हैं। चाहे बड़ा स्कोर हो या छोटा स्कोर, भारतीय खिलाड़ियों ने सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 मैच में मिली हार को छोड़कर हर मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। जबकि इंग्लैंड की टीम सुपर 8 चरण में ज्यादा बेहतर नजर आई है, उससे पहले ग्रुप चरण में उनकी टीम लड़खड़ाते हुए आगे बढ़ी थी।
