क्रिकेट

कौन हैं रवींद्र जडेजा की जगह मौका पाने वाले सौरभ कुमार? क्‍या इस बार पूरा होगा टेस्‍ट डेब्‍यू का सपना

  • Authored by: अभिषेक निगम
  • Updated Dec 11, 2022, 09:05 PM IST

India's test squad against Bangladesh: बीसीसीआई ने रविवार को बांग्‍लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में हुए बदलाव की जानकारी दी है। अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा आगामी टेस्‍ट सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनके विकल्‍प के रूप में सौरभ कुमार को शामिल किया गया है। जानिए आखिर कौन हैं सौरभ कुमार और क्‍या उनके डेब्‍यू का सपना साकार होगा।

Image

सौरभ कुमार

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत और बांग्‍लादेश के बीच दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज
  • बांग्‍लादेश के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में कई बदलाव
  • रवींद्र जडेजा की जगह सौरभ कुमार को भारतीय टीम में जगह मिली

नई दिल्‍ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार को बांग्‍लादेश के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में हुए बदलाव की जानकारी साझा की है। बीसीसीआई ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि रोहित शर्मा के अंगूठे में चोट है और वो पहले टेस्‍ट से बाहर हो गए हैं। केएल राहुल भारतीय टीम की कप्‍तानी करेंगे। अभिमन्‍यु ईसवरन को रोहित शर्मा के विकल्‍प के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की लंबे समय बाद राष्‍ट्रीय टीम में वापसी हुई है।

तेज गेंदबाज मोहम्‍मद शमी और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा आगामी टेस्‍ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। इनके विकल्‍प के रूप में नवदीप सैनी और सौरभ कुमार को शामिल किया गया है। फैंस के मन में इस घोषणा के बाद से सौरभ कुमार के बारे में जानने की बेकरारी बढ़ गई है। चलिए आपको बताते हैं कि कौन हैं सौरभ कुमार और क्‍या उनके टेस्‍ट डेब्‍यू का सपना साकार हो पाएगा? टेस्‍ट डेब्‍यू का सपना इसलिए क्‍योंकि उन्‍हें पहले भी एक बार टेस्‍ट टीम में जगह मिल चुकी है। जी हां, श्रीलंका के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज के लिए सौरभ कुमार को भारतीय टीम में शामिल किया गया था।

कौन हैं सौरभ कुमार

सौरभ कुमार उत्‍तर प्रदेश के बाघपत के रहने वाले हैं। उनका जन्‍म 1 मई 1993 को हुआ था। 29 साल के सौरभ प्रमुख रूप से बाएं हाथ के स्पिनर हैं। वो बाएं हाथ से बल्‍लेबाजी भी करते हैं। सौरभ कुमार ने उत्‍तर प्रदेश अंडर-19, उत्‍तर प्रदेश अंडर-22 और उत्‍तर प्रदेश रणजी टीम का प्रतिनिधित्‍व किया है। वो आईपीएल में पंजाब किंग्‍स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का हिस्‍सा रह चुके हैं।

सौरभ का परिवार मेरठ में रहता है। क्रिकेटर के पिता आकाशवाणी में कार्यरत थे जो कि अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी मां एक गृहणी हैं। 16 साल की उम्र से सौरभ क्रिकेट खेल रहे हैं। साल 2014 में उन्होंने सेना की टीम के लिए खेलते हुए हिमाचल प्रदेश के खिलाफ डेब्यू किया था। इसके बाद वो साल 2015 से वो उत्तर प्रदेश की टीम का हिस्सा बने।

पहले भी पा चुके हैं जगह

सौरभ कुमार घरेलू क्रिकेट में जाने-माने खिलाड़ी हैं। उनका राष्‍ट्रीय टीम में तीसरी बार चयन हुआ है। सौरभ को दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई टेस्ट टीम में स्टैंडबाई प्लेयर के रूप में शामिल किया गया था। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज के लिए भी सौरभ कुमार का चयन हुआ था, लेकिन उन्‍हें डेब्‍यू करने का मौका नहीं मिला था। अब सौरभ को एक बार फिर अपनी काबिलियत का ईनाम मिला और टेस्‍ट टीम में जगह पाई। देखना दिलचस्‍प होगा कि इस बार सौरभ कुमार टेस्‍ट डेब्‍यू के सपने को साकार करने में कामयाब हो पाते हैं कि नहीं।

घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड

बाएं हाथ के स्पिनर को घरेलू क्रिकेट में लंबा अनुभव हासिल है। सौरभ कुमार ने अब तक 54 फर्स्‍ट क्‍लास मैच खेले, जिसमें 237 विकेट झटके और दो शतक व 11 अर्धशतकों की मदद से 1776 रन बनाए। इसके अलावा उन्‍होंने 32 लिस्‍ट ए मैचों में 26.28 की औसत से 46 विकेट लिए। लिस्‍ट ए क्रिकेट में सौरभ ने एक अर्धशतक की मदद से 271 रन बनाए। वहीं 33 टी20 मैचों में वो 30.66 की औसत से 24 विकेट ले चुके हैं जबकि 148 रन भी बनाए। आईपीएल 2021 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने उन्हें 20 लाख रुपये के बेस-प्राइज पर अपनी टीम में शामिल किया था।

बांग्‍लादेश के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज के लिए भारतीय स्‍क्‍वाड इस प्रकार है:

केएल राहुल (कप्‍तान), शुभमन गिल, चेतेश्‍वर पुजारा (उप-कप्‍तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, केएस भरत, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्‍मद सिराज, उमेश यादव, अभिमन्‍यु ईसवरन, नवदीप सैनी, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट।
अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article