कोलकाता नाईट राइडर्स आईपीएल 2026 में आखिरकार जीत का स्वाद चखने में सफल रही। केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स को सीजन के सातवें मुकाबले में 4 विकेट से पटखनी दी। कोलकाता के ईडेन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 9 विकेट पर 155 रन बना सकी। राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा 46 रन की पारी खेली वहीं यशस्वी जायसवाल ने 39 रन का योदगान दिया। नौवें ओवर में 81 रन पर पहला लिकेट गंवाने के बाद राजस्थान की पारी लड़खड़ा गई और अंत में 155 रन तक पहुंच सकी।
70 रन पर कोलकाता ने गंवा दिए थे 5 विकेट
जीत के लिए 156 रन के लक्ष्य का बचाव करने उतरी राजस्थान ने शानदार शुरुआत और 10.1 ओवर में 70 रन पर पांच विकेट चटका लिए थे। इसके बाद रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला और 34 गेंद में 53 रन की पारी खेलकर 4 विकेट से केकेआर हारी बाजी जिता दी। अनुकूल रॉय ने नाबाद 29(16) रन की पारी खेली। अंतिम ओवर में जीत के लिए 9 रन बनाने थे और ये कारनामा रिंकू सिंह ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर कर दिखाया।
170 रन वाला था ये विकेट
कोलकाता के खिलाफ 4 विकेट के अंतर से हार के बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने हार का ठीकरा बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ते हुए कहा,हमने पहले चार या पांच ओवरों में आकलन किया कि यह विकेट 170 रन वाला था, इसलिए शुरुआत में हम 10 रन पीछे थे। जिस तरह हमने वापसी की और गेंदबाजों ने जो मेहनत की उस आधार पर मैं कहूंगा कि यह हमारा ही मैच था। हार का कोई बहाना नहीं है। हम कैच नहीं छोड़ सकते। हमने ऐसी लाइन पर गेंदबाजी नहीं कर सकते थे जो बल्लेबाजों के लिए मददगार हो। हमारी तरफ से कुछ छोटी-मोटी गलतियां हुईं।'
हमसे कुछ छोटी-मोटी गलतियां हुईं
कोलकाता की पिच के बारे में पराग ने कहा, विकेट में काफी स्पिन थी। जिस तरह से बिश्नोई और पूनिया गेंदबाजी करते हैं, वह अलग है। मुझे लगा कि स्थिति के हिसाब से स्पिन की ही जरूरत थी इसीलिए मैंने स्पिनरों को चुना। यह दांव काम कर जाता तो अच्छा लगता। लेकिन मुझे लगा कि आज भी यह काम कर गया था बस कुछ गलतियां हो गईं।
क्यों नहीं दी ब्रिजेश को बीच में गेंदबाजी
बृजेश शर्मा को देर से गेंदबाजी दिए जाने के सवाल पर पराग ने कहा, उन्हें 14वें या 16वें ओवर में गेंदबाजी देने वाला था लेकिन उन्होंने विकेट गंवा दिए और पिच पर दो बाएं हाथ के बल्लेबाज आ गए। ऐसे में मैंने खुद गेंदबाजी करने का फैसला किया। स्पिनर्स अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे ऐसे में मैंने उनके ऊपर भरोसा जताया, बल्लेबाज अगर स्पिनर्स के खिलाफ स्लॉग शॉट खेलते तो हमें विकेट मिल सकते थे। हमने वो तकरीबन कर दिया था। बिश्नोई के ओवर समाप्त होने के बाद मुझे लगा कि स्पिनर्स को दो बांए हाथ के बल्लेबाजों को ख्याल में रखकर लगाना चाहिए। इसलिए मैंने ब्रिजेश से 18वें और 20वें ओवर में गेंदबाजी कराई।
हम अपने प्लान पर नहीं कर पाए अमल
राजस्थान के मध्यक्रम की बल्लेबाजी के बारे में पराग ने रहा, आज मिडिल ऑर्डर ने अच्छा प्रदर्शन करके टीम के लिए एक अच्छा प्लेटफॉर्म तैयार किया। मैंने और हेटमायर ने 10-15 गेंदें खेलीं,और फिर जब तेज़ी से खेलने का समय आया तो हम ऐसा करने से चूक गए। हमारागेम प्लान था कि यह 170 रन वाला विकेट है; हम खुद को थोड़ा समय देंगे और आखिरी पांच ओवरों में तेज़ी से रन बनाने की कोशिश करेंगे। हमने ऐसा करने की कोशिश की लेकिन प्लान को पूरा कर पाने में सफल नहीं हो सके। हमारे खिलाड़ी जैसा प्रदर्शन कर रहे हैं वो अच्छा है। आज हमसे कुछ छोटी-मोटी गलतियां हुई हैं उम्मीद है कि अगले मैच में बेहतरीन और संतुलित प्रदर्शन करने में सफल होंगे।
