विशाखापट्टनम: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए वनडे विश्व कप 2025 के अहम मुकाबले में 3 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। मैच में भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी और शानदार शुरुआत के बाद 48.5 ओवर में 330 रन बनाकर ढेर हो गई। भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना ने 66 गेंद में 80 रन की और प्रतिका रावल ने 75 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 24.3 ओवर में 153 रन की साझेदारी की। इसके बाद टीम इंडिया 330 रन तक पहुंचने में सफल हुई। भारतीय टीम ने अपने अंतिम 6 विकेट 36 रन पर गंवा दिए और 50 ओवर भी पूरे नहीं खेल पाई नहीं तो स्कोर और बड़ा हो सकता था।
मुश्किल हुई सेमीफाइनल की राह
इसके बाद जीत के लिए 331 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की कप्तान ऐलिसा हीली ने आतिशी शतक जड़कर भारतीय टीम की जीत के अरमानों पर पानी फेर दिया। हीली ने 107 गेंद में 142 रन का आतिशी कप्तानी पारी खेली और टीम की जीत के मुहाने पर पहुंचा दिया। जहां अनुभवी ऐलिसा पैरी ने चोटिल होने के बावजूद आखिरी ओवरों में लड़खड़ाती नैय्या को 49वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर पार लगा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 7 गेंद और 3 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया और अंक तालिका में एक बार फिर पहले स्थान पर 7 अंक के साथ कब्जा कर लिया। वहीं भारतीय टीम तीसरे स्थान पर 4 अंक के साथ डटी है। लेकिन लगातार दो हार के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है।
आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी का हुआ नुकसान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 विकेट के हार का सामना करने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, जिस तरह से हमने शुरुआत की उस लिहाज से देखें तो हम स्कोर में 30-40 रन और जोड़ सकते थे। हम आखिरी छह ओवरों में रन नही बना पाए और लगातार विकेट गंवाए और इसका हमें नुकसान हुआ। हमें पता था कि यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा विकेट है,लेकिन आखिरी छह ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी नहीं करने का हमें खामियाजा उठाना पड़ा। हरमनप्रीत ने स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की सलामी जोड़ी की तारीफ करते हुए कहा, इन दोनों ने हमारे लिए पिछले कई मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी बदौलत हम 300 रन बना सके। हमने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन आखिरी पांच ओवरों का नुकसान हमें हुआ।
मुकाबले से मिले बहुत से सकारात्मक परिणाम
हरमनप्रीत ने आगे कहा, पिछले तीन मैचों में हम बीच के ओवरों में बल्लेबाजी नहीं कर पाए। हमारे निचले क्रम ने ज़िम्मेदारी ली। लेकिन आज पहले 40 ओवर अच्छे रहे। अंतिम 10 ओवर में हम अच्छा नहीं कर सके। मैच में ऐसी चीजें होती रहती हैं हर वक्त आप 100 प्रतिशत नहीं दे सकते। अगले कुछ मैच हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। हमें इस मुकाबले से बहुत कुछ सकारात्मक मिला है।
श्रीचरणी की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए हरमनप्रीत ने कहा, वह शानदार रही हैं। आज भी उन्होंने बल्लेबाजों के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की। जब हीली बल्लेबाजी कर रही थीं, तब भी वह आसानी से रन नहीं दे रही थीं। हमें उनसे बहुत आशा रहती हैं हमें उनसे ब्रेकथ्रू दिलाने की बहुत उम्मीद होती है।
पांच गेंदबाजों की रणनीति में होगा बदलाव?
पांच गेंदबाजों के साथ उतरने की रणनीति के बारे में भारतीय कप्तान ने कहा, इसके बारे में हम बैठकर चर्चा करेंगे। इस कॉम्बिनेशन ने हमें पूर्व में बहुत सफलता दिलाई है। दो मैच में हार से कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ता है। आने वाले मैचों के लिए हमें बहुत सी चीजों में सुधार करना है। हम अपनी सबसे बेहतर नजरिए के साथ आने वाले मुकाबलों में मैदान में उतरेंगे।
