क्रिकेट

IND W vs SA W: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद हरमनप्रीत कौर ने बताया कहां हो रही है टीम इंडिया से चूक

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप 2025 में हार के बाद टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बताई हार की वजह? बताया टीम लगातार कर रही है कौन सी चूक?

Image

हरमनप्रीत कौर(फोटो क्रेडिट AP)

विशाखापट्टनम: भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप में गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन विकेट की हार के बाद स्वीकार किया कि उनकी टीम पिछले तीन मैच से अपनी गल्तियों को दोहरा रही है। भारत ने मौजूदा विश्व कप में अब तक अपने तीनों मैच में शुरुआती पांच से छह विकेट जल्दी गंवाए हैं और निचले क्रम की बल्लेबाजों की बदौलत ही टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर पाई है। भारत के 252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेदिन डी कलर्क ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 54 गेंद में आठ चौकों और पांच छक्कों से नाबाद 84 रन बनाने के अलावा क्लो ट्रायोन (49) के साथ सातवें विकेट के लिए 69 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को 48.5 ओवर में सात विकेट पर 252 रन के स्कोर तक पहुंचाकर जीत दिलाई।

इससे पहले बाएं हाथ की स्पिनरों ट्रायोन (32 रन पर तीन विकेट) और नोनकुलुलेको मलाबा (46 रन पर दो विकेट) ने भारत का स्कोर छह विकेट पर 102 रन कर दिया था लेकिन ऋचा घोष (94 रन, 77 गेंद, 11 चौके, चार छक्के) और स्नेह राणा (33 रन, 24 गेंद, छह चौके) ने आठवें विकेट के लिए 53 गेंद में 88 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की जिससे मेजबान टीम 251 रन तक पहुंचने में सफल रही। भारत ने अंतिम नौ ओवर में 97 रन जुटाए।

मौजूदा विश्व कप में भारत की पहली हार के बाद हरनमप्रीत ने कहा, 'हम पिछले तीन मैच से गल्तियों को दोहरा रहे हैं। हमारे शीर्ष क्रम ने जिम्मेदारी नहीं ली। हमें चीजें बदलनी होंगी। हमें अच्छे स्कोर बनाने होंगे। यह एक लंबा टूर्नामेंट है। यह एक कड़ा मैच था लेकिन इससे बहुत कुछ सीखने को मिला। हमें खुद को सकारात्मक सोच में रखना होगा।' हरमनप्रीत ने भारत के लिए शानदार पारी खेलने वाली ऋचा की सराहना की। उन्होंने कहा, 'ऋचा ने हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया है। आज ऋचा की बल्लेबाजी देखकर हमें बहुत खुशी हुई। वह बड़ा स्कोर बना सकती हैं। उम्मीद है कि वह ऐसा करती रहेंगी।'

हरमनप्रीत ने कहा कि मुकाबला काफी कड़ा था और डि क्लर्क ने मैच उनकी पकड़ से दूर कर दिया। उन्होंने कहा,'कड़ा मुकाबला, दोनों टीम काफी अच्छा खेलीं। हम बल्लेबाजी करते हुए लड़खड़ा गए लेकिन फिर भी 250 रन के पार पहुंच गए। हमें शुरुआती विकेट मिले लेकिन डी क्लार्क ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की। जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की उससे पिच बिल्कुल अलग लग रही थी। वे जीत के हकदार थे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article