क्रिकेट

एशिया कप टीम में जरूर मौका देता, पूर्व दिग्गज ने स्टार बैटर की वापसी पर दी प्रतिक्रिया

एशिया कप 2025 टी20 फॉर्मेट खेला जाएगा। ऐसे में पाकिस्तान टीम में बाबर आजम की वापसी होनी चाहिए या नहीं, इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है। दिग्गज खिलाड़ी वसीम अकरम ने बाबर की वकालत की है।

Image

बाबर आजम (साभार-ICC)

एशियन टीमों की सबसे बड़ी जंग एशिया कप का आगाज 9 सितंबर से होने जा रहा है। इस बार 8 टीमें एशियन चैंपियन बनने के लिए आपस में टकराएंगी। यह पहला मौका है जब 8 टीम एशिया कप में खेलेगी। 28 सितंबर को इसका फाइनल खेला जाएगा जबकि 14 सितंबर को सबसे बड़ा भारत-पाकिस्तान का मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में कोई टीम खुद को कमजोर नहीं रखना चाहती है। यही कारण है कि पाकिस्तान के दिग्गज गेंदबाज वसीम अकरम बाबर आजम की वापसी का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एशिया कप में एक अनुभवी खिलाड़ी का होना जरूरी है। बाबर ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था, तब से वह टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं। पीसीबी के हालिया बयान से यह भी साफ हो गया था कि वह टी20 के लिए प्रबंधन की योजनाओं में नहीं हैं।

इस बीच अकरम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से बाबर को टीम में फिर से शामिल करने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके पास अधिकार होता, तो वे यह फ़ैसला ज़रूर लेते। अकरम ने जियो न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "अगर मेरे पास अधिकार होता, तो मैं बाबर आजम को एशिया कप टीम में जरूर शामिल करता। एशिया कप और फिर विश्व कप करीब आ रहे हैं और हमें एक सीनियर बल्लेबाज की जरूरत है।

अकरम का मानना है कि "दुनिया के सर्वश्रेष्ठ" खिलाड़ियों में से एक होने के नाते, बाबर ज़िम्मेदारी उठा सकते हैं और बाकी टीम को अपने साथ ले जा सकते हैं। अकरम ने बाबर की वापसी की वकालत की, क्योंकि उनमें अभी भी बहुत कुछ बाकी है। उन्होंने कहा, "जब हम 140 या 160 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहे होते हैं, खासकर बड़ी टीमों के खिलाफ, तो हमें किसी ऐसे खिलाड़ी की ज़रूरत होती है जो ज़िम्मेदारी ले सके और बाकी 10 खिलाड़ियों को अपने साथ लेकर चल सके। बाबर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक है। वह अपने खेल को फॉर्मेट और मैच की स्थिति के अनुसार ढाल लेते हैं।

उन्होंने कहा, "बाबर में अभी भी काफी क्रिकेट बाकी है और वह पाकिस्तान के लिए बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। हम सभी को उसका समर्थन करना चाहिए। तीसरा नंबर उसके लिए आदर्श है, लेकिन यह स्थिति पर निर्भर करेगा। अगर अधिक ओवर बचे हैं, तो कोई और भी पहले बल्लेबाजी के लिए आ सकता है।" एशिया कप 9 सितंबर से शुरू होगा और पाकिस्तान अपना अभियान 12 सितंबर को दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ओमान के खिलाफ खेलेगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article