क्रिकेट

World Cup 2023 Qualifier: श्रीलंका के हसरंगा ने मचाया तहलका, यूएई 175 रन से हारा

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 19, 2023, 11:24 PM IST

Wanindu Hasaranga, SL vs UAE WC 2023 Qualifier: श्रीलंका के धुरंधर स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने यूएई के खिलाफ विश्व कप 2023 क्वालीफायर्स के पहले मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन (6 विकेट) करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने संयुक्त अरब अमीरात की टीम को 175 रनों से करारी शिकस्त दी।

Image

श्रीलंका ने यूएई को 175 रन से हराया (Cricket World Cup)

Photo : Twitter

SL vs UAE: लेग स्पिनर वानिंदु हसारंगा (Wanindu Hasaranga) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (24 रन देकर छह विकेट) की मदद से श्रीलंका ने सोमवार को यहां संयुक्त अरब अमीरात की कमजोर टीम को 175 रन से रौंदकर आईसीसी विश्व कप क्वालीफायर ग्रुप लीग में अपना अभियान आरंभ किया।

श्रीलंका के सभी शीर्ष क्रम खिलाड़ियों ने अर्धशतक जड़े जिससे टीम ने 50 ओवर में छह विकेट पर 355 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें चरिथ असालंका और हसारंगा (12 गेंद में नाबाद 23 रन) की अंत में खेली पारियों का भी योगदान रहा।

हसारंगा ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शीर्ष पांच में से तीन बल्लेबाजों को पवेलियन पहुंचाया जिससे पूरी टीम 39 ओवर में 180 रन पर सिमट गयी। छह विकेट चटकाने के दौरान हसारंगा ने 50 वनडे विकेट चटकाने की उपलब्धि भी हासिल की।

श्रीलंकाई पारी में कुसाल मेंडिस 63 गेंद में 78 रन की पारी के दौरान 10 चौके जड़कर स्टार रहे। उन्होंने सादिरा समरविक्रमा के साथ 105 रन की साझेदारी भी निभायी जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

समरविक्रमा ने रन आउट होने से पहले 64 गेंद में 73 रन बनाये। उनके आउट होने से यूएई को अंतिम छह ओवर में स्कोर पर लगाम कसने की उम्मीद जगी।लेकिन चरिथ असालंका ने महज 23 गेंद में नाबाद 48 रन जड़ दिये। हसारंगा ने अंतिम ओवर में तीन बाउंड्री लगाकर स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया।

अन्य मैचों के नतीजे

ग्रुप के एक अन्य मैच में ओमान ने 282 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड को पांच विकेट से शिकस्त दी जो क्वालीफायर टूर्नामेंट का पहला उलटफेर रहा। आयरलैंड ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद हैरी टेक्टर (52 रन) और जॉर्ज डॉकरेल (91 रन) के अर्धशतकों की बदौलत सात विकेट पर 281 रन बनाये।लेकिन एशियाई देश ने कश्यप प्रजापति (72 रन), आकिब इल्यास और जीशान मकसूद (59 रन) के अर्धशतकों से 11 गेंद रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया।

End of Article