Man of the Match Virat Kohli, IND vs SL 1st ODI: श्रीलंका के खिलाफ 113 रन की आक्रामक पारी खेलकर जीत की पृष्ठभूमि तैयार करने वाले दिग्गज विराट कोहली ने कहा कि वह हर मैच को उस रवैये के साथ खेलते है जैसे कि यह उनका आखिरी मैच हो। कोहली की 88 गेंद में 113 रन की पारी के दम पर भारत ने पहले एकदिवसीय में छह विकेट पर 373 रन बनाने के बाद श्रीलंका की पारी को आठ विकेट पर 306 रन पर रोक दिया।
वनडे में 45वां शतक पूरा करने वाले कोहली मैन ऑफ द मैच बने। उन्होंने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, ‘‘एक चीज जो मैंने सीखी वह यह कि हताशा आपको कहीं नहीं ले जाती। आपको चीजों को जटिल बनाने की जरूरत नहीं है। मैदान में बिना किसी डर के खेलो। मैं चीजों को पकड़ कर नहीं रख सकता।"
विराट ने आगे कहा, "आपको सही कारणों से खेलना होता है और हर मैच को ऐसे खेलना होता है जैसे कि यह आपका आखिरी हो और बस इसके बारे में खुश रहें। खेल आगे बढ़ता रहेगा। मैं हमेशा के लिए खेलने नहीं जा रहा हूं, मैं एक खुशहाल जगह पर हूं और अपने समय का आनंद ले रहा हूं।’’
भारत के इस पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि मैंने अपनी पारी में कुछ अलग किया। मेरी तैयारी और इरादा हमेशा एक जैसा रहता है। मुझे लगा कि मैं गेंद को अच्छे से हिट कर रहा हूं। यह उस लय के करीब था जिसके साथ मैं खेलता हूं, मुझे समझ में आया कि हमें अतिरिक्त 25-30 रनों की जरूरत है।’’
