Virat Kohli Latest Post: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम पर्थ पहुंच गई है। ये सीरीज 2027 वर्ल्ड कप के लिहाज से खास होने वाली है और इसमें भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा फरवरी के बाद पहली बार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने जा रहे हैं। एक तरफ जहां इस दौरे से पहले विराट के रिटायरमेंट की चर्चाएं हैं वहीं दूसरी ओर कोहली ने ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। कोहली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि 'आप असल में तभी फेल होते हैं, जब आप हार मानने का फैसला करते हैं।' इससे साफ है कि कोहली हार नहीं मानने वाले हैं और इस सीरीज में उनका बेहतरीन रुप देखने को मिल सकता है। कोहली का ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड भी अच्छा है। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 2009 में अपने पहले दौरे के बाद से ऑस्ट्रेलिया में 29 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 51.03 के शानदार औसत से 1,327 रन बनाए हैं, जिसमें पांच शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं।
यह सीरीज़ कई मायनों में अहम है, खासकर रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए। चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के बाद यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। दोनों ही दिग्गज खिलाड़ी टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसमें अगर ये दोनों दिग्गज अच्छे रन बनाते हैं तो 2027 में चयन की राह आसान हो सकती है। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और कोच गंभीर ने पहले ही ये साफ कर दिया है कि चयन केवल प्रदर्शन के आधार पर होने वाला है और किसी की जगह पक्की नहीं है।
19 अक्टूबर को आगाज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मैच 19 अक्टूबर को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इसके बाद दूसरा मेैच 23 अक्टूबर को और तीसरा 25 अक्टूबर को खेला जाने वाला है।
