क्रिकेट

होटल रूम का वीडियो लीक होने पर भड़के विराट कोहली, फैन की घटिया हरकत पर बोले- अगर मैं अपने कमरे में...

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 31, 2022, 12:11 PM IST

Virat Kohli upset after a video of his hotel room went viral: भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामने आया है। कोहली ने होटल रूम का वीडियो लीक होने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी का इजहार किया है। कोहली ने फैन की घटिया हरकत पर पोस्ट लिखी है।

Image

विराट कोहली

भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के लिए ऑस्ट्रेलिया में है। भारत की रविवार को पर्थ में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत हुई। भारत को सुपर-12 राउंड के इस मैच में 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत की हार के साथ-साथ एक और चीज ने लोगों को हैरत में डाल दिया है। दरअसल, दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामना आया है। एक फैन ने कोहली की प्राइवेसी की धज्जियां उड़ाते हुए बेहद घटिया हरकत की है। फैन ना सिर्फ कोहली की गैरमौजूदगी में उनके होटल रूप में घुस गया बल्कि वहां रखे सामान का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

फैन की हरकत पर भड़के कोहली

अंजान शख्स के कमरे में घुसकर वीडियो बनाने पर कोहली भड़क उठे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर होटल रूम का लीक वीडियो शेयर करते हुए अपनी नाराजगी का इजहार किया है। कोहली ने लिखा, 'मैं जानता हूं कि फैन अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखकर बहुत खुश और उत्साहित होते हैं। उनसे मिलने के लिए उत्साहित रहते हैं। मैंने हमेशा इसकी सराहना की है। लेकिन यहां यह वीडियो चौंकाने वाला है। इसने मुझे अपनी निजता के बारे में काफी असहज महसूस कराया है। अगर मैं होटल के कमरे में प्राइवेसी नहीं रख सकता तो फिर मैं किसी भी जगह पर्सनल स्पेस की उम्मीद कहां कर सकता हूं? मैं इस तरह की हरकत और प्राइवेसी में दखल से निराश हूं। कृपया लोगों की निजता का सम्मान करें और उन्हें मनोरंजन की वस्तु ना समझें।'

गौरतलब है कि कोहली शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 53 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए तो नीदरलैंड के विरुद्ध 44 गेंदों में 63 रन की नाबाद पारी खेली। हालांकि, कोहली का बल्ला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं चल सका। वह 11 गेंदों में 2 चौकों की मदद से केवल 12 रन ही बना पाए। सूर्यकुमार यादव (40 गेंदों में 68) को छोड़कर कोई भी भारतीय बल्लेबाज प्रोटीज गेंदबाजों का डटकर मुकाबला नहीं कर सका। भारत की मौजूदा टूर्नामेंट में यह पहली हार है। टीम इंडिया को अगला सुपर-12 राउंड मैच 2 नवंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article