क्रिकेट

एबी डिविलियर्स ने कहा, नहीं है विराट को बल्लेबाजी के तरीके में इस बदलाव की जरूरत

एबी डिविलियर्स ने विराट कोहली को आगामी इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी बल्लेबाजी के तरीके में किसी भी तरह का बदलाव नहीं करने की सलाह नहीं दी है।

Image

विराट कोहली और एबी डिविलियर्स (साभार RCB)

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का मानना है कि विराट कोहली को आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना स्ट्राइक रेट बढ़ने पर ध्यान देने के बजाय स्मार्ट क्रिकेट खेल कर सूत्रधार की भूमिका निभानी चाहिए तथा शीर्ष क्रम में विस्फोटक बल्लेबाज फिल साल्ट का साथ मिलने से उन पर दबाव कम होगा। कोहली आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की तरफ से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं लेकिन पिछले दो सत्र से उनका स्ट्राइक रेट चर्चा का विषय बना हुआ है।

बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी ने हालांकि आईपीएल के इस सत्र के लिए इंग्लैंड के साल्ट और लियाम लिविंगस्टोन, ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड और वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को अपनी टीम में लिया है जिससे डिविलियर्स को लगता है कि कोहली अधिक स्वच्छंद होकर खेल सकते हैं।

डिविलियर्स ने मंगलवार को जियोस्टार प्रेस रूम में कहा,'ऐसा लगता है कि विराट अपने क्रिकेट का आनंद ले रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि उन्हें फिल साल्ट के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपनी स्ट्राइक रेट बढ़ानी होगी। साल्ट आक्रामक बल्लेबाज हैं और मुझे लगता है कि वह विराट पर से काफी दबाव हटा देंगे। विराट को वह जारी रखना होगा जो वह इतने वर्षों से करते आ रहे हैं। खेल पर नियंत्रण बनाए रखना और स्मार्ट क्रिकेट खेलना। वह जानते हैं कि कब थोड़ा सा आगे बढ़ना है और कब इसे कम करना है।'

आरसीबी की तरफ से 11 सत्र तक आईपीएल में खेलने वाले डिविलियर्स ने कहा कि कोहली को इस सत्र में बल्लेबाजी विभाग की कमान संभालनी होगी। उन्होंने कहा,'विराट को इस टूर्नामेंट में बल्लेबाजी विभाग का कप्तान बनने की जरूरत है। उन्हें वास्तव में सूत्रधार की भूमिका निभानी होगी और बल्लेबाजी क्रम में किसी तरह की गिरावट नहीं आए यह सुनिश्चित करने के लिए स्मार्ट क्रिकेट खेलनी होगी।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article