देश

'हम पुदीना हैं सारा गैस निकाल देंगे...' MLC चुनाव में अपनी ही पार्टी के खिलाफ प्रचार कर रहे अनंत सिंह

Bihar MLC Election Anant Singh: अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट से अपनी ही पार्टी जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार को खुली चुनौती दी है। प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हम पुदीना सिंह हैं सारा गैस निकाल देंगे।

Image

अनंत सिंह (फोटो साभार- TNN)

Bihar MLC Election Anant Singh: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर पटना में इन दिनों सियासी पारा हाई है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू में ही घमासान मच गया है। मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोले हुए हैं। अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को खुली चुनौती दी है। उन्होंने जनसुराज समर्थित उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को समर्थन दिया है और उनके लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं। बुधवार को अनंत सिंह समर्थकों के बड़े काफिले के साथ नालंदा के हिलसा पहुंचे, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला है। इसे नीरज कुमार को सीधा संदेश माना जा रहा है।

अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर बोला तीखा हमला

प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "हम पुदीना सिंह हैं ना तो हम पुदीना निकालेंगे 21 तारीख को। उहे जानेंगे। 21 को बाहर कर देंगे गैस हो गया है। गैस कुल बाहर कर देंगे। उ गैसवा निकला देंगे।"अनंत सिंह का यह बयान अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग पिछले कई दिनों से चल रही है। अनंत सिंह का आरोप है कि पिछले साल विधानसभा चुनाव में नीरज कुमार ने मोकामा में उनके खिलाफ प्रचार किया था। इसी का बदला लेने के लिए अब वह पटना स्नातक सीट पर नीरज को हराने का संकल्प ले चुके हैं।

नीरज कुमार चौथी बार लड़ रहे चुनाव

बता दें कि पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार लगातार चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं जदयू सारण शिक्षक, दरभंगा शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर भी चुनाव लड़ रही है। सारण शिक्षक सीट पर भी बगावत के सुर हैं। कुछ दिन पहले सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था। पत्रकारों के पूछने पर कि क्या वह बागी रुख जारी रखेंगे, अनंत सिंह ने साफ कहा था, "हां, समर्थन करेंगे।" फिलहाल अनंत सिंह का नालंदा दौरा जदयू के लिए बड़ी टेंशन बन गया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article