Virat kohli 100 Fifties in T20s: विराट कोहली ने आईपीएल में रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में खेले गए मुकाबले में जीत के लिए 174 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 39 गेंद में अपना अर्धशतक 3 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इस पारी में पचासा पूरा करते ही विराट कोहली टी20 फॉर्मेट में अर्धशतकों का शतक पूरा करने वाले पहले भारतीय भी बन गए। विराट कोहली 45 गेंद में 62 रन बनाकर नाबाद रहे।
टी20 में 100 अर्धशतक जड़ने वाले पहला भारतीय
विराट कोहली ने करियर के 405वें टी20 मुकाबले की 388वीं पारी में 100वां अर्धशतक जड़ा और डेविड वॉर्नर के साथ हाफ सेंचुरी की सेंचुरी जड़ने वाले खिलाड़ियों के स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली। विराट से पहले ये कारनामा ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने किया था। विराट के खाते में 100 अर्धशतक के साथ 9 शतक भी दर्ज हैं। वॉर्नर ने 400 मैच की 399 पारियों में 108 अर्धशतक जड़े हैं। उनके खाते में टी20 में 8 शतक भी दर्ज हैं। वॉर्नर और विराट के बाद सबसे ज्यादा टी20 अर्धशतक जड़ने वाले प्लेयर्स की सूची में तीसरे स्थान पर बाबर आजम हैं। उन्होंने अबतक 90 अर्धशतक टी20 फॉर्मेट में जड़े हैं।
वॉर्नर के आईपीएल रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंचे
विराट कोहली ने आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने के मामले में डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली है। वॉर्नर और विराट अब 66-66 अर्धशतकीय पारियों के साथ बराबरी पर पहुंच गए हैं। वॉर्नर ने 66 अर्धशतक के लिए 184 पारियां आईपीएल में खेलीं जबकि विराट को इसके लिए 250 पारियों का इंतजार करना पड़ा।
