Virat Kohli-Anushka Sharma In Vrindavan: विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ एक बार फिर वृंदावन की पावन धरती पर पहुंचे हैं। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की दूसरी खिताबी जीत के बाद विराट और अनुष्का वृंदावन में प्रेमानंद जी से मिलने व उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे। हर टूर्नामेंट में सफलता के बाद या बीच-बीच में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा वृंदावन पहुंचते रहे हैं जहां वो प्रेमानंद जी महाराज से मिलते हैं और उनसे वार्तालाप के बाद आशीर्वाद लेकर चले जाते हैं।
आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने गुजरात टाइटंस को करारी शिकस्त देते हुए लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब पर कब्जा जमाया। इसी के साथ आरसीबी तीसरी टीम बन गई जिसने लगातार दो साल आईपीएल खिताब जीतने का कमाल किया है। गुजरात के खिलाफ फाइनल की जीत विराट कोहली की वजह से मुमकिन हो पाई जिन्होंने लाजवाब नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
टी20 विश्व कप 2024 की जीत हो, पिछले साल के आईपीएल में खिताबी जीत हो या फिर इस बार दोबारा आईपीएल चैंपियन बनना, हर बार विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम में प्रसिद्ध प्रेमानंद जी महाराज से मिलने व उनका आशीर्वाद लेने गए। दोनों की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं जिसमें वे नंगे पांव आश्रम में जाते और बाहर आते नजर आ रहे हैं।
इस दौरान विराट कोहली के फैंस का जमावड़ा भी आश्रम के बाहर देखा गया जो इस स्टार क्रिकेटर की एक झलक पाने को बेताब नजर आए। इस बार भी विराट-अनुष्का के दोनों बच्चे साथ में नहीं थे।
विराट और अनुष्का इस दौरान पूरी तरह भक्ति रंग में नजर आए। दोनों जब बाहर थे तो उन्होंने मास्क लगाया हुआ था। उनके पीछे भक्तों की कतार भी देखी गई जो प्रेमानंद जी महाराज को सुनने व उनका आशीर्वाद लेने आते रहते हैं।
