क्रिकेट

ICC Test Rankings: विराट और यशस्वी को ताजा टेस्ट रैंकिंग में फायदा, कप्तान रोहित फिसले

ICC Test Rankings: आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में दो स्थान के फायदे से आठवें स्थान पर पहुंच गए जबकि उनके कप्तान रोहित शर्मा एक स्थान के नुकसान से छठे पायदान पर हैं। रोहित और कोहली के अलावा युवा यशस्वी जासयवाल भी बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल हैं।

Image

विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल (ICC/X)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग का ऐलान
  • विराट और यशस्वी जायसवाल को हुआ फायदा
  • रोहित शर्मा को हुआ रैंकिंग में नुकसान

ICC Test Ranking: सीनियर भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली बुधवार को जारी नवीनतम आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दो स्थान के फायदे से आठवें स्थान पर पहुंच गए जबकि उनके कप्तान रोहित शर्मा एक स्थान के नुकसान से छठे पायदान पर हैं।

रोहित और कोहली के अलावा युवा यशस्वी जासयवाल भी बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल हैं। वह एक स्थान के फायदे से सातवें स्थान पर हैं।इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट श्रीलंका के खिलाफ मैनचेस्टर में अच्छे प्रदर्शन के बाद टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं। ओल्ड ट्रैफर्ड में 56 और 32 रन की पारी खेलने वाले इंग्लैंड के हैरी ब्रूक तीन स्थान के फायदे से चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के बाबर आजम, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और रोहित को पीछे छोड़ा।

बाबर को छह स्थान का नुकसान हुआ है और वह संयुक्त तीसरे से नौवें स्थान पर खिसक गए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ रावलपिंडी में पहले टेस्ट में वह नाकाम रहे थे। पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान पहले टेस्ट में शतक की बदौलत सात स्थान के फायदे से संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।

बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम भी सात स्थान के फायदे से करियर की सर्वश्रेष्ठ 17वीं रैंकिंग पर हैं। भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बाएं हाथ के स्पिनर रविंद्र जडेजा क्रमश: तीसरे और सातवें स्थान पर बने हुए हैं।

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स (चार स्थान के फायदे से 16वें स्थान पर) और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो (10 स्थान के फायदे से 17वें स्थान पर) को रैंकिंग में फायद हुआ है जबकि पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह (चार स्थान के फायदे से 33वें स्थान पर) और इंग्लैंड के गस एटकिंसन (चार स्थान के फायदे से 42वें स्थान पर) ने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की है। ऑलराउंडरों की सूची में जडेजा और अश्विन शीर्ष दो स्थान पर हैं जबकि अक्षर पटेल छठे पायदान पर हैं।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article